झांसी। जिले में प्रेमनगर थाना क्षेत्र में चार दिन पहले पार्षद के पिता आजाद सिंह यादव की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में कांग्रेसी नेता राजेंद्र सिंह यादव सहित चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने कांग्रेस नेता राजेन्द्र सिंह यादव को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। केस दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।

पुलिस के मुताबिक हत्या में वांछित राजेन्द्र सिंह यादव को दुर्गापुर गांव से हाइवे की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी के पास से कार, तीन मोबाइल फोन और तीस हजार रुपये बरामद हुए हैं। मामले में दो नामजद और एक अज्ञात आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। सीओ सदर हिमांशु गौरव ने मीडिया को बताया कि पार्षद के पिता आजाद सिंह यादव की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में तीन नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में केस दर्ज किया गया था। नामजद में से एक आरोपी राजेंद्र सिंह यादव उर्फ राजू जहरीला को दुर्गापुर गांव के पास से उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह भागने की फिराक में था। उन्होंने बताया कि बकाया आरोपियों को भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

उन्होंने बताया कि मृतक व आरोपी परिवारों के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। इसी के चलते दोनों परिवारों के बीच खूनी रंजिश छिड़ी है। आजाद के पास नयागांव में करीब आठ एकड़ खेत है। यह आजाद के कब्जे में है। जमीन के एक भाग को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद है। इसके पहले विवाद के चलते आजाद के भाई उत्तम की भी हत्या की जा चुकी।