गरौठा विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया एरच नगर का धार्मिक आधार

मार्च में होगा एरच महोत्सव का भव्य आयोजन

झांसी। गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने एरच नगर को ऐतिहासिक पहचान दिलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि एरच गरौठा विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है, जिसका प्राचीन इतिहास और धार्मिक महत्व है। विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र दिया है जिसमें अति प्राचीन एरच नगर को भगवान विष्णु के तीन अवतारों की पावन स्थली बताया है। उन्होंने कहा कि यही वह नगर है जहां भक्त प्रहलाद का जन्म हुआ और होलिका दहन के बाद होली का त्यौहार अनीति पर नीति की जीत के रूप में मनाया जाने लगा। विधायक ने एरच नगर में भव्य होली महोत्सव के आयोजन के साथ यहां का पर्यटन विकास कराने की मांग की है। विधायक ने मुख्यमंत्री से एरच नगर में होने वाले 26, 27 व 29 मार्च के आयोजन को पर्यटन विभाग से वित्तीय सहायता एवं व्यापक प्रचार- प्रसार कराते हुए भव्य बनाने की मांग की।

गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की। उन्होंने बताया कि एरच नगर विश्व की पहली राजधानी है। अभी तक एरच नगर को विश्व स्तर पर जो पहचान मिलनी चाहिए थी वह नहीं मिल पाई है। नगर को भव्य पर्यटन तीर्थ के रूप में विकसित किए जाने का आग्रह मुख्यमंत्री जी से किया है। मुख्यमंत्री को दिए पत्र में गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने बताया कि गरौठा विधानसभा के ब्लॉक बामौर में बेत्रबन्ती बेतवा नदी के तट के दाहिनी ओर अति प्राचीन एरच नगर बसा हुआ है। प्राप्त पुरावशेषों के आधान पर एरच पौराणिक, पुरातात्विक दृष्टि महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थल है। एरच विश्व की पहली राजधानी होने के साथ भगवान विष्णु के तीन अवतारों की स्थली है। यहां भगवान विष्णु ने बाराह, नृसिंग व बामन अवतार लिया।

विधायक ने पत्र में बताया कि एरच नगर को भक्त प्रहलाद की जन्मस्थली के रूप में जाना जाता है। पूरे विश्व को होली जैसे भव्य त्यौहार की सौगात भी एरच नगर से ही मिली है। एरच को पौराणिक गाथाओं में एरकच्छ कहा गया है। नगर में बहुत पहले जब खुदाई हुई थी तो यहां से मिले प्राचीन सिक्कों के ऊपर एरकच्छ नाम अंकित पाया गया था। बौद्ध ग्रंथ ‘ पेथवत्थु ‘में भी एरच को ‘एरिकच्छ’ कहा गया है। गरौठा विधायक ने कहा कि यहां गुप्त कालीन नाग वंशी, शुंग कालीन अवशेष मिलते हैं। मध्यकाल में मुगल शासक बाबर यहां कई दिनों तक रुका था। राणा सांगा की मृत्यु संबंधी स्थान भी यहीं पर बताया जाता है।

मुख्यमंत्री से वार्ता करते में विधायक ने कहा है कि बुंदेलखंड के लोकदेवता दीवान हरदौल के जन्म की कथा भी एरच नगर से ही जुड़ी हुई है। एरच दीवान हरदौल का प्रिय नगर था और उनका ज्यादातर समय यहीं पर बीतता था। विधायक जवाहर लाल राजपूत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को से की गई वार्ता में उसमें कहा है कि ऐतिहासिक स्थल एरच में कई प्राचीन मंदिर आज भी मौजूद हैं। यहां का प्राकृतिक वातावरण पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण तो है ही साथ ही भगवान के तीन अवतार एक ही जगह पर होने से यह जगह अलौकिक है। इसलिए इसे पर्यटन एवं तीर्थस्थल के रूप में विकसित किया जाना बहुत जरूरी है। विधायक जवाहर लाल राजपूत ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एरच को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का आश्वासन दिया है। विधायक ने बताया कि उनका पूरा प्रयास श्री भक्त प्रहलाद जन कल्याण संस्थान द्वारा आयोजित एरच होली महोत्सव को और भव्य बनाने का है। मुख्यमंत्री जी ने शाशन स्तर से इसमें सहयोग की बात कही है।