धौर्रा –जाखलौन खण्ड में तीसरी लाइन के निर्माण कार्यों का जायजा
झांसी। महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह द्वारा झाँसी मंडल में चल रहे आधारभूत संरचना एवं विकास कार्यों के निरीक्षण के क्रम में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी –बीना खंड तथा ललितपुर खजुराहो रेल खंड का परख यान से निरीक्षण किया गया | निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेल पथ एवं उसके पास के सभी संस्थापन जैसे सिग्नल,ओएचई, प्लेटफॉर्म इत्यादि का निरीक्षण किया ।
महाप्रबंधक द्वारा धौरा–जखलौन खंड में समपार संख्या 319 के निकट तृतीय रेल लाइन निर्माण कार्य स्थल का विस्तृत निरीक्षण कर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा संरक्षा मानकों का गहन अवलोकन किया । उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने, गुणवत्ता से कोई समझौता न करने तथा सभी संरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा बीना में स्थापित 1.7 मेगावाट क्षमता वाले सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाते हुए वृक्षारोपण भी किया।
महाप्रबंधक द्वारा पुनर्विकसित ललितपुर रेलवे स्टेशन का सघन निरीक्षण किया गया। उन्होंने यात्री सुविधाओं पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया तथा प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल), वाटर बूथ एवं शौचालय परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता एवं बेहतर सेवा स्तर सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। वाटर बूथ के पास गन्दगी फैलाने वाले लोंगो पर अभियान चलाकर अर्थदंड लगाने के लिए निर्देशित किया | इसके साथ ही न्यू ललितपुर टाउन स्टेशन का भी महाप्रबंधक द्वारा निरीक्षण किया गया और आवश्यक सुधार हेतु निर्देशित किया गया | परख यान से उदयपुरा साइडिंग को भी देखा।
इसी क्रम में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित किये जा रहे टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन का महाप्रबंधक ने निरीक्षण किया गया। इस दौरान यात्री सुविधाओं, पब्लिक टॉयलेट, वाटर बूथ तथा सर्कुलेटिंग क्षेत्र की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया और स्वच्छता, सुगम आवागमन एवं यात्रियों की सहूलियत को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात अमृत भारत योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित महाराजा छत्रसाल स्टेशन छतरपुर के निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह ने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का विस्तृत एवं गहन अवलोकन किया। इस अवसर पर VIP लाउंज, वेटिंग रूम्स, यात्री प्रतीक्षालय, टॉयलेट कॉम्प्लेक्स सहित अन्य मूलभूत एवं आधुनिक सुविधाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा रख-रखाव की समीक्षा की गई।
महाराजा छत्रसाल छतरपुर स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं के रखरखाव की महाप्रबंधक ने प्रशंसा करते हुए यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया | उन्होंने नवनिर्मित 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के अंतर्गत श्री सिंह ने ईशानगर, दरियागंज स्टेशन का भी निरीक्षण किया और उपलब्ध यात्री सुविधाओं आदि का अवलोकन किया गया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार, महाप्रबंधक के सचिव अखिल शुक्ल, वरिष्ठ मंडल अभियंता समन्वय आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल अभियंता (पूर्व) आयुष श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट नीरज भटनागर, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं टेलिकॉम अभियंता नरेन्द्र सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टी आर डी) सतबीर सिंह, महाराजा छत्रसाल स्टेशन छतरपुर से मुख्य परियोजना प्रबंधक/ गति शक्ति श्री पी के सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।














