झांसी। आत्महत्या करने घर से निकलीं दो किशोरियों की जान पुलिस की सक्रियता से बची ही साथ ही दोनों के परिवारों में खुशियां लौट आईं। यदि पुलिस थोड़ी देर कर देती तो दो परिवार अपने लाड़लियों को हमेशा के लिए खो देते।
बताया गया जिले के थाना बड़ागांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पालर तथा ग्राम उडैना निवासी दो किशोरियां आपस में सहेलियां है। शुक्रवार को सायं दोनों अपने अपने घर से चली गयीं। बाद में उन्होंने फोन पर अपने अपने परिवार वालों को बताया कि वह आत्महत्या करने जा रही हैं, उन्हें न खोजा जाए। इतना सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना थाना बड़ागाँव पुलिस को दी। इस पर प्रभारी निरीक्षक रवींद्र त्रिपाठी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। एसएसपी दिनेश कुमार पी. ने किशोरियों की बरामदगी हेतु कई टीमों को सक्रिय कर दिया। टीमें तत्परता से लड़कियों की खोज में जुट गयीं। इसके चलते लगभग दो घंटे के अथक प्रयास से पुलिस ने लड़कियों को कोई प्राणघातक कदम उठाने के पहले बरामद कर लिया। दोनों लड़कियों द्वारा लिए गए आत्मघाती कदम के पीछे पारिवारिक मामला बताया जा रहा है। हालांकि चर्चा कुछ और ही है।

लड़कियों को सकुशल बरामद करने में पुलिस अधीक्षक नगर विवेक त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी सदर हिमांशु गौरव, पुलिस उपाधीक्षक अपराध आशीष मिश्र के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक थाना बड़ागांव रवींद्र त्रिपाठी एवं सर्विलांस, एसओजी मय गठित टीमों की हर तरफ प्रशंसा की जा रही है। एसएसपी ने टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।