झांसी। भाजपा के रणनीतिकारों के गुणा-भाग के चलते आखिरकार नगर निगम के उप सभापति पद पर भाजपा का प्रत्याशी पार्षद सुनील नैनवानी निर्विरोध निर्वाचित हो गया। महापौर रामतीर्थ सिंघल व जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा सहित पार्षदों ने पुष्प माला पहनाकर बधाई दी।

गौरतलब है कि नगर निगम में कार्यकारिणी चुनाव के बाद उप सभापति का चुनाव 12 सदस्यों की कार्यकारिणी निर्धारित करती है। इस कार्यकारिणी मेें भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी व सपा के सदस्य रहते हैं। यही सदस्य अपना उपसभापति तय करते हैं। विगत 03 वर्षों से उपसभापति भारतीय जनता पार्टी का निर्विरोध बनाया जा रहा है। इस बार भारतीय जनता पार्टी के खेमे में उपसभापति चुनाव को लेकर कई दावेदार चर्चाओं में चल रहे थे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने इस बार भी पार्टी की विचारधाराओं के अनुसार सुनील नैनवानी को उप सभापति पद पर मैदान में उतारा और रणनीति तैयार कर नैनवानी को निर्विरोध निर्वाचित करा लिया। इससे पार्षदों में खुशी की लहर दौड़ गई।

दरअसल तीन वर्षों से लगातार पुरुष के उप सभापति बनने से इस बार महिला पार्षदों के मन में भी इस बात की ललसा थी कि महिला को उपसभापति बनाया जाए, लेकिन महिला पार्षद अपनी बात को पूरी तरह पार्टी के समक्ष नहीं रख पायीं या उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया और उनकी आवाज दब कर रह गई। हालांकि उप सभापति के चुनाव को लेकर सुबह से ही भाजपा गुट में गुटबाजी चलती रही और इस पद के लिए मुकेश सोनी, राजेश त्रिपाठी, सुनील नैनवानी, जामवती, राजू साहू के नाम चर्चाओं में थे। यह तय नहीं हो पा रहा था कि आखिरकार किसे उपसभापति बनाया जाए। इसको लेकर विपक्ष के खेमे में भी हलचल मची हुई थी। विपक्ष भी उपसभापति बनाने की तैयारी में जुटा हुआ था। शुरुआती दौर में भाजपा के सुनील नैनवानी व बंटी सोनी का नाम प्राथमिकता के आधार पर आगे चल रहा था, लेकिन ऐन वक्त पर विरोधी खेमे के सक्रिय हो जाने के कारण इन नामों में एक-दो नामों की और बढ़ोतरी हो गई। इस स्थिति को देखकर भारतीय जनता पार्टी के खेमे में खलबली मच गई। अचानक 11.30 बजे के लगभग समीकरण बदले और भाजपा के रणनीतिकारों की राजनीति का पता किसी को नहीं चल पाया। वक्त रहते भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा व मेयर राम तीर्थ सिंघल, दिनेश प्रताप सिंह बंटी राजा ने दावेदारों में आपसी सामंजस्य बनवाने में सफलता हासिल कर ली। गुपचुप रणनीति में  उप सभापति के नाम पर मोहर लगा दी गई और पत्ते जब खुले जब सभी ने मिलकर सुनील नैनवानी का पर्चा दाखिल कराया। पर्चा दाखिल होने के बाद समय निर्धारित तक किसी दूसरे ने भी पर्चा दाखिल नहीं किया। जिस पर सुनील नैनवानी निर्विरोध उपसभापति घोषित कर दिये गए। चुनाव अधिकारी गुलाब हुसैन द्वारा प्रमाण पत्र देने के बाद महापौर रामतीर्थ सिंघल व जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी मुकेश मिश्रा, विद्याप्रकाश दुबे, दिनेश प्रताप सिंह बंटी राजा, गोविंद नाथ, लखन कुशवाहा, विकास खत्री, निर्दोष अग्रवाल, विमल किशोर, प्रदीप नगरिया, प्रदीप खटीक, महेश गौतम, दिनेश सिंह उर्फ दीपू, अरविंद कुमार, उमेश जोशी, अमन राय, श्रीमती जामवती, किशोरीलाल रायकवार, क्रांति छत्रपाल, रमा, विधायक प्रतिनिधि गोकुल दुबे सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे। सुनील नैनवानी का पुष्प माला से स्वागत किया। चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ढोल-बाजों के साथ उपसभापति सुनील नैनवानी भाजपा कार्यालय पहुँचे।