दिन-रात घर-घर, खेत-खेत मतदाताओं को मनाने लगीं दौड़

झांसी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए प्रचार का शोर मंगलवार की शाम छह बजे के बाद थमने के बाद बैनर-पोस्टर, लाउडस्पीकर उतार कर प्रत्याशी व समर्थक पैदल घर-घर, खेत-खेत जाकर मतदाताओं से मिल कर उन्हें अपने पक्ष में मनाने का सिलसिला आज बुधवार को जारी रहा। इतना ही नहीं प्रत्याशियों का पूरा जोर मतदान पर बूथ संभालने, घरों से एक-एक वोट निकलवा कर अपने पक्ष में मतदान कराने पर है। इसके लिए प्रत्याशियों के खेमों में रणनीति व तेज तर्रार समर्थकों की टीम तैयार की जा रही है। उधर, अंतिम समय में धनबल-बाहुबल के इस्तेमाल की आशंका के मद्देनजर प्रशासन भी चौकन्ना है। पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।
पहले चरण के तहत 15 अप्रैल को मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा। प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य के कई पदों पर निर्विरोध प्रत्याशी चुने जा चुके हैं और बकाया पर उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

झांसी के 9.73 लाख मतदाता करेंगे मतदान
जिले में 753 मतदान केंद्र और 1676 मतदेय स्थल हैं। इन पर 9,73,522 मतदाता वोट डालेंगे।निर्णायक मतदाताओं की जातीय संख्या के लिहाज से बात करें तो सबसे अधिक संख्या दलित मतदाताओं की है जो 2 लाख के करीब हैं। कुशवाहा मतदाताओं की संख्या 1.25 लाख के करीब, यादव मतदाता 70 हजार के लगभग हैं। ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या लगभग 50 हजार और ठाकुर लगभग 40 हजार हैं। इनके अलावा लोधी, कोरी, बरार, कोरी, पाल आदि बिरादरियां भी अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी का असर दिखाती हैं।

मतदेय स्थल : जिले में मतदेय स्थलों में 226 संवेदनशील, 236 अति संवेदनशील और 91 अति संवेदनशील प्लस मतदेय स्थल चिह्नित किए गए हैं। जनपद में 8 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 56 जोनल मजिस्ट्रेट, 166 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 16 रिजर्व सेक्टर मजिस्ट्रेट और 87 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

ग्राम प्रधान व पंचायत सदस्य : जिले में ग्राम प्रधान के 496 पदों में से एक पर निर्विरोध चुनाव हो गया है। ग्राम प्रधान के लिए 5650 नामांकन प्राप्त हुए थे. जिसमें से एक निर्विरोध चुना गया और 17 निरस्त किए गए। इस पद पर 4067 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। ग्राम पंचायत सदस्य के 6170 पदों में 3835 पदों पर निर्विरोध सदस्य चयनित हो गए हैं। ग्राम पंचायत सदस्य के 6170 पदों के लिए 6456 नामांकन पत्र प्राप्त हुआ थे। इनमें 3835 को निर्विरोध चुना गया और अभी भी 1130 पद रिक्त है। ग्राम पंचायत सदस्य के 232 आवेदन निरस्त किए गए हैं। ग्राम पंचायत सदस्य पर 1434 उम्मीदवार चुनाव लड़ने के पात्र पाए गए हैं।

क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत
जिले में क्षेत्र पंचायत सदस्य के कुल 599 पदों में से 34 पदों पर निर्विरोध चयनित हो गए हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य के 599 पदों के लिए 2641 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे इनमें 34 निर्विरोध हुए जबकि 13 का पत्र निरस्त किया गया। आठ ब्लॉक में अब 2325 प्रत्याशी हैं। जिला पंचायत सदस्य के 24 पदों के लिए 367 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे और 264 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
जनपद में जिला पंचायत सदस्य की 24 सीटें – पूंछ, साकिन, भरोसा, सिमरी, पहाड़ी बुजुर्ग, बघेरा, भोजला, फुटेरा बरुआसागर, रक्सा, राजापुर, खैलार, बबीना रूरल, सकरार, बंगरा धवा, देवरी सिंहपुरा, भदरवारा, स्यावरी, चुरारा, सिमरधा, मारकुआ, भसनेह, ककरबई, कुरैठा और बिलाटी हैं। इनमें से दो ओबीसी महिला, चार ओबीसी, सात अनारक्षित, पांच अनुसूचित जाति, तीन महिला और तीन अनुसूचित जाति महिला के लिए सुरक्षित हैं।

क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष के आठ पद : जनपद में क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष के आठ पद हैं। इनका चुनाव जनता द्वारा चुने गए 599 क्षेत्र पंचायत सदस्य करेंगे। जनपद में आठ क्षेत्र पंचायत – बबीना, बड़ागांव, चिरगांव, मोंठ, गुरसराय, बामौर, मऊरानीपुर और बंगरा हैं। इनमें दो अनुसूचित, दो अनारक्षित, एक ओबीसी महिला, एक ओबीसी, एक अनुसूचित जाति महिला और एक महिला के लिए आरक्षित है।