शिविर में रेल कर्मियों व सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिल रही आधार सेवाओं की सुविधा
झांसी। 4 फरवरी को झांसी रेल मंडल में UIDAI द्वारा अधिकृत डाक विभाग के सहयोग से कार्मिक विभाग के तत्वाधान में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सभा कक्ष (द्वितीय) में आधार नामांकन एवं अपडेशन शिविर का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा किया गया।
इस शिविर के माध्यम से रेल कर्मचारी, रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी तथा उनके परिजन प्रातः 10:00 से सायं 6:00 बजे तक अपने आधार कार्ड में आवश्यक संशोधन (अपडेशन) एवं नवीन आधार नामांकन की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने स्वयं अपने आधार कार्ड में सुधार करा कर इस पहल को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि आधार एक महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेज है, जिसमें सही एवं अद्यतन जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे विभिन्न सरकारी एवं विभागीय सेवाओं का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त किया जा सके।
मंडल रेल प्रबंधक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि अधिक से अधिक रेल कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं उनके परिवारजन इस सुविधा का लाभ उठाएं। शिविर के प्रथम दिन ही 238 कर्मचारियों ने आधार नामांकन/अद्यतन हेतु समस्त वांछित प्रपत्रों की जानकारी प्राप्त की तथा 52 कर्मचारियों के तुरंत आधार नामांकन/अद्यतन किये गए।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा सहित मंडल के विभिन्न शाखाधिकारी तथा डाक विभाग के एस.एस.पी. वरुण मिश्रा उपस्थित रहे।











