झांसी स्टेशन पर परिवर्तित स्थान पर आरक्षण कार्यालय प्रारंभ

0
186

अनारक्षित बुकिंग कार्यालय स्टेशन के सामने यात्री शेड में स्थानांतरित

झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्य के दृष्टिगत यात्रियों को निर्बाध, सुगम एवं सुविधाजनक सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आरक्षण कार्यालय को परिवर्तित स्थान पर प्रारंभ किया गया है। 06 फरवरी को झांसी स्टेशन के सामने स्थित नवीनीकृत पुराने वेतन/कैश कार्यालय भवन में नव-स्थापित आरक्षण कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा किया गया, जिसके पश्चात आरक्षण सेवाएँ प्रारंभ कर दी गईं।

यह आरक्षण कार्यालय स्टेशन परिसर में स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के बगल में स्थापित किया गया है। कार्यालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एवं दिव्यांगजन के अनुकूल (दिव्यांग-फ्रेंडली) बनाया गया है, जिससे सभी वर्ग के यात्रियों को सहज रूप से आरक्षण सुविधा उपलब्ध हो सके।

उद्घाटन के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक द्वारा आरक्षण कार्यालय का निरीक्षण किया गया तथा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। यात्रियों की सुविधा हेतु इस आरक्षण कार्यालय में कुल पाँच आरक्षण काउंटर प्रारंभ किए गए हैं, जिनमें दिव्यांगजन एवं महिलाओं के लिए पृथक काउंटर की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें त्वरित एवं सुगमता से आरक्षण सेवा प्राप्त हो सके।

इसी क्रम में अनारक्षित यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अनारक्षित बुकिंग कार्यालय को स्टेशन के सामने स्थित यात्री शेड में स्थानांतरित किया गया है। आरक्षण कार्यालय के उद्घाटन एवं निरीक्षण के पश्चात मंडल रेल प्रबंधक द्वारा अनारक्षित बुकिंग कार्यालय का भी सघन निरीक्षण किया गया तथा यात्रियों को दोनों स्थानांतरणों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपयुक्त साइनेज बोर्ड, फ्लेक्स एवं सूचना प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी यात्री को कार्यालय खोजने में असुविधा न हो।

झांसी स्टेशन पर जारी पुनर्विकास कार्यों के दौरान यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है, जिससे रेल यात्रियों को बेहतर, सुव्यवस्थित एवं सुचारु सेवाएँ निरंतर उपलब्ध कराई जा सकें। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ मंडल अभियंता समन्वय आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर सामान्य अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक फ्रेट नीरज भटनागर, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक सत्यसाधन सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण एवं रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here