– 56 मतदान केंद्र के 89 मतदेय स्थलो पर पड़ेंगे वोट

– 118 सदस्य ग्राम पंचायत और 2 प्रधान ग्राम पंचायत, 1 सदस्य क्षेत्र पंचायत के लिए मतदान, सभी तैयारियां पूर्ण

झांसी। मुख्य विकास अधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि जनपद में 12 जून को पंचायत निर्वाचन उपचुनाव हेतु मतदान होगा तथा मतगणना 14 जून को सम्पन्न की जाएगी, सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पोलिंग पार्टी विकासखंड से 11 जून 2021 को रवाना होगी। समस्त मतदेय स्थल पर कोविड-19 की गाइडलाइन का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि विकासखंड बबीना, बड़ागांव, मोंठ, चिरगांव, मऊरानीपुर, बंगरा व गुरसरायं में 43 ग्राम पंचायतों में 56 मतदान केंद्र बनाए गए तथा 89 मतदेय स्थल तैयार किए गए हैं। मतदेय स्थल पर समस्त मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए जा चुके। उप जिलाधिकारी सहित सेक्टर मजिस्ट्रेट /जोनल मजिस्ट्रेट भ्रमण करते हुए यह सुनिश्चित कर लें कि समस्त सुविधाएं उपलब्ध हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि विकासखंड बबीना में 4 सदस्य ग्राम पंचायत का मतदान होगा। विकासखंड बड़ागांव में 7 सदस्य ग्राम पंचायत, विकास खंड मोंठ में 31 सदस्य ग्राम पंचायत व ग्राम इमलिया में प्रधान ग्राम पंचायत हेतु वोट डाले जाएगे। विकासखंड चिरगांव में 27 सदस्य ग्राम पंचायत, विकासखंड मऊरानीपुर में 26 सदस्य ग्राम पंचायत, विकासखंड बंगरा में 22 सदस्य ग्राम पंचायत सहित देवरीसिंह पुरा में प्रधान ग्राम पंचायत के साथ ही ग्राम कचनेव में सदस्य क्षेत्र पंचायत हेतु मतदान होगा। विकासखंड गुरसरायं एक सदस्य ग्राम पंचायत हेतु मतदान किया जाएगा।
विकासखंड स्तर पर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है पोलिंग पार्टी की रवानगी, उन्हें दिए जाने वाली निर्वाचन सामग्री व कोविड-19 के अंतर्गत सैनिटाइजर, ग्लब्स, फेसशील्ड आदि की व्यवस्था कर ली गई है।