झांसी। शिवपुरी मार्ग पर सोमवार को सीपरी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत चित्रा चौराहा के निकट रेलवे अण्डर ब्रिज पर रेलवे कांट्रैक्टर की इको स्पोर्ट कार धू-धू कर जल गयी। फायर ब्रिगेड ने आग को बुझा दिया। इस घटनाक्रम में कार सवार सकुशल बच गए, किंतु कार को नहीं बचाया जा सका।
सीपरी बाजार क्षेत्र अंतर्गत मिशन कम्पाउन्ड निवासी रेलवे कांट्रैक्टर जतिन साथियों के साथ अपनी इको स्पोर्ट कार से काम के सिलसिले में दतिया मप्र जा रहे थे। जैसे ही कार चित्रा चौराहा पर रेलवे अण्डर ब्रिज के नीचे पहुची तभी अचानक कार के बोनट से धुआं निकलने लगा। यह देख कर जतिन व उसके साथियों ने धुआं निकलने का कारण देखने की कोशिश की, किंतु देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी।
कार में लगी आग से अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस व दमकल की टीम मौके पहुंची और आग को बुझाया, किंतु तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी। इस घटनाक्रम में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने का कारण इंजन में शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। फायर ब्रिगेड वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।












