– महिलाओं ने सड़क पर लेट किया प्रदर्शन, पुलिस छावनी बना क्षेत्र

झांसी। जिले में मऊरानीपुर में कुछ दिन पूर्व हुई फायरिंग में एक घायल अशोक अग्रवाल की इलाज के दौरान मौत की खबर से कस्बे में जनाक्रोश फैल गया। भाजपा विधायक बिहारीलाल आर्य के खिलाफ सड़कों पर उतरकर लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया और बाजार बंद कराने का प्रयास किया। प्रर्दशनकारियों ने विधायक पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। इस आंदोलन में महिलाओं ने सड़क पर लेट कर विधायक को कठघरे में खड़ा कर दिया। विधायक के खिलाफ जनता के मोर्चा खोलने से भाजपा में खलबली मच गई है।

गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व मऊरानीपुर के दुबे चौक निवासी मुकेश अग्रवाल के परिवार का पड़ोस में रहने वाले सेठिया परिवार से बाइक हटाने को लेकर विवाद हो गया था। पड़ोसी दबंगों ने मुकेश के परिवार पर फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। इस घटना में अशोक, मुकेश व अमित अग्रवाल को गोलियां लगीं थी। अशोक की हालत गम्भीर होने पर उन्हें झांसी रिफर किया गया और बाद में उन्हें दिल्ली रिफर कर दिया गया था। इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आरोपियों में मनोज सेठिया, संजय सेठिया, शिवम् ताम्रकार को गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी थी कि आज सूचना आयी कि घायल अशोक की इलाज के दौरान मौत हो गयी है। इस खबर से कस्बे में जन आक्रोश भड़क गया और लोग सड़कों पर उतर आए। लोगों ने विधायक मुर्दाबाद के नारे लगाए और बाजार बंद कराने का प्रयास किया। क्षेत्र में तनाव व जनाक्रोश देखते हुए भारी पुलिसबल तैनात कर दिया गया है। सूचना मिलने पर एसपी ग्रामीण नैपाल सिंह ने कस्बे का दौरा कर फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाही का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। प्रर्दशनकारियों का आरोप है कि विधायक के दखल और आरोपियों को संरक्षण के कारण अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो रही है। नाराज लोगों ने विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। खबर लिखे जाने तक क्षेत्र में तनाव फैला था।