ऑन लाइन शॉपिंग कम्पनी के डिब्बे ने पहुंचाया हत्यारे तक

झांसी। जनपद में थाना प्रेम नगर क्षेत्र अंतर्गत पुलिया नंबर नौ के रेल गंज मोहल्ले में हुई वृद्धा दुर्गा देवी की हत्या व लूट प्रकरण का एक आरोपी जब मुठभेड़ में पकड़ा गया तो पुलिस को पता चला कि इस घटनाक्रम को अंजाम आरोपी ने अपने से 18 वर्ष बड़ी प्रेमिका की मदद से दिया गया था। अर्थात दोनों बंटी-बबली हैं। इसका प्रमाण फरार प्रेमिका के पकड़े जाने पर मिल गया।

दरअसल, वृद्धा की हत्या व लूटपाट के आरोपी तक पुलिस को पहुँचाने में ऑन लाइन शॉपिंग कम्पनी के डिब्बे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसएसपी शिवहरि मीणा ने बताया कि 18 जुलाई को रेलगंज प्रेमनगर में हुई बुजुर्ग दुर्गा देवी की हत्या के मामले में जुटी पुलिस शुरू से ही किरायेदार दम्पत्ति की तलाश में थी। मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को डस्टविन में एक ऑनलाइन कम्पनी से शॉपिंग का खाली डिब्बा मिला। कम्पनी से संपर्क के बाद उक्त सामान मंगाने वाले तक पुलिस पहुँची। इसके बाद मुख्य आरोपी सुनील शर्मा का नाम प्रकाश में आया। सुनील की तलाश में जुटी टीम ने सुनील को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।

बताया गया है कि मृतका दुर्गा देवी बीमार रहती थीं। उन्होंने एक महिला को झाड़फूंक के लिए बुलाया था। उक्त महिला की मुलाकात रास्ते मे दीपेंद्र से हो गयी तो वह भी साथ आ गयी। झाड़फूँक के बाद उक्त महिला तो चली गयी लेकिन दीपेंद्र वहीं रुक गयी। उसने अपने कथित प्रेमी सुनील को भी बुला लिया। दुर्गा देवी को अकेली व संपन्न देख दोनों ने लूट कर हत्या का मन बनाया और घटना को अंजाम दिया।

मुठभेड़ में घायल बदमाश को भर्ती कराने के बाद पुलिस ने फरार चल रही उसकी साथी महिला की तलाशी जारी रखी। इसी दौरान पुलिस ने काठ के पुल के पास से एक महिला को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपेन्द्र कौर निवासी हिम्मत सिंह नगर लुधियाना पंजाब बताया। पुलिस ने उक्त महिला के पास से भी लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात और रुपए बरामद किया। पुलिस के अनुसार पकड़ी गई महिला और युवक आपस में प्रेमी प्रेमिका हैं और पति-पत्नी बनकर किराए से रहने के लिए मृतका के घर आए थे। पुलिस यह जानकारी कर रही है कि इन्होंने कहीं और तो इस तरह की घटनाओं को अंजाम तो नहीं दिया।