– पुलिस ने दबोचा प्रधान, 25 लाख रुपए, डेढ़ किलो सोना बरामद

झांसी। जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में ग्राम बलौरा से गुरुवार की रात ग्राम प्रधान के अपहरण के मामले ने ऐसा मोड़ लिया की सभी आश्चर्य चकित रह गए। ग्राम प्रधान का अपहरण नही बल्कि 28.50 लाख रुपए और डेढ़ किलो सोना चोरी के मामले से बचने की साज़िश उजागर हो गई। इस पर पुलिस ने ग्राम प्रधान और उसके भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी प्रधान को पकड़ कर माल भी बरामद कर लिया है।     शुक्रवार को प्रेमनगर थानान्तर्गत ग्राम बलौरा निवासी सुरभि राय ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अपने ग्राम प्रधान पति संतोष राय के अपहरण की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने शिकायत को गम्भीरता से लेते हुए जब छानबीन शुरु की तो जो हकीकत निकल कर बाहर आई उसे जानकर पुलिस आश्चर्य में पड़ गई कि यह मामला अपहरण नहीं बल्कि लाखों की चोरी कर बचने को लिखी गई अपहरण की पटकथा है।

पुलिस के अनुसार ग्राम बलौरा में रहने वाली नीता राय ने शिकायत करते हुए बताया कि उनका जेठ जनपद जालौन में पार्टनरी में बालू घाट लिए है। घाट काम उसका बेटा शिवम राय देखता है। 30 जून 2021 को बालू घाट बंद हो गया था। जिस कारण उसका बेटा घाट से 28.50 लाख रुपए लेकर घर आ गया था। उक्त रकम सभी पार्टनरों में आपस में वितरित होने थी, लेकिन किसी कारण समय ऐसा नहीं हो सका और वह रकम घर में रखी थी। इसके अलावा उनके घर में नकदी के साथ सुसर द्वारा दिया गया लगभग डेढ़ किलो सोने की बिस्कुट भी रखे हुआ था।
महिला ने बताया कि गांव में रहने के कारण उसके परिवार के रिश्तेदार ग्राम प्रधान संतोष राय से अच्छे सम्बंध थे। जिस कारण 10 जुलाई 2021 को आवश्यकता पड़ने पर संतोष राय ने उसके बेटे से तीन लाख रुपए उधार लिए थे। जिसे उसने 22 जून को वापस कर दिया। इसके बाद 23 जून को संतोष राय अपने बच्चों के साथ उसके घर आया था। कुछ समय बाद संतोष राय का भाई अरविन्द राय भी उसके घर आया और बोला कि उसके घर पर कोई तांत्रिक आया है, वह चलकर उसे दिखा लें, क्योंकि वह बीमार रहती हैं। दोनों के इरादों से अनभिज्ञ होकर वह विश्वास में आ गई और संतोष को अपने घर पर अकेला छोड़कर अरविन्द के साथ उसके घर चल गई। घर पहुंचने पर पता चला कि कोई भी तांत्रिक नहीं आया। जिस पर अरविंद ने फिर धोखा देते हुए कहा कि तांत्रिक मुर्गी फार्म होंगा। जिस पर वह वहां चला और लगभग आधा घंटे बाद लौटकर आया। वापस आने पर उसने बताया कि तांत्रिक नहीं आया है वह चला गया। इसके बाद वह उसे घर पर छोड़ने आया। घर छोड़ने के बाद संतोष और अरविन्द राय वापस अपने घर चले गए। अचानक उसे शक हुआ और उसने अपने घर को सही प्रकार से चैक किया। जिस पर पता चला कि घर में रखे 28.50 लाख रुपए और डेढ़ किलो सोना गायब था। उसने सीसीटीवी कैमरे देखे। जिसमें ग्राम प्रधान संतोष राय झोला लेकर आते-जाते हुए नजर आया। इधर, प्रेम नगर थाना पुलिस ने नीता राय की तहरीर केे अनुसार आरोपी प्रधान संतोष राय और उसके भाई अरविन्द राय के खिलाफ सम्बधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरु कर दी।

मुर्गा फार्म में छिपा मिला डेढ़ किलो सोना, उधारी में चुकाएं रुपए बरामद

इस मामले में एस एस पी के निर्देशन में स्वाट ने तत्परता से कार्रवाई कर आरोपी प्रधान को पकड़ कर जब गहराई से पूछताछ की तो उसने अपने मुर्गा फार्म में छिपा कर रखे डेढ़ किलो सोना को बरामद करवा दिया। नकदी 28.50 लाख रुपए के बारे में उसने बताया कि प्रधानी के चुनाव में खर्च हुए रुपए उसने जिन जिन से उधार लिए थे उन्हें वितरित कर दिए। इस पर टीम ने प्रधान की निशानदेही पर उधारी के चुकाएं 25 लाख रुपए बरामद कर लिए।