झांसी। जिले के टहरौली थाना क्षेत्र में प्राथमिक स्कूल के पीछे 7 बच्चों के पिता का शव फांसी पर लटका मिला। इससे पहले भी उसने तीन बार आत्महत्या का प्रयास किया था। इस बार वह अपने मकसद में कामयाब हो गया है।

जिलेे में टहरौली थानान्तर्गत ग्राम घिल्लावारी निवासी लगभग 40 वर्षीय मानवेन्द्र खेती-किसानी कर अपना और परिवार का भरण पोषण करता था। भाई महेन्द्र के अनुसार मानवेन्द्र की 6 लड़कियां और एक लड़का है। मानवेन्द्र शराब पीने का आदी था। तड़के सुबह ग्रामीणों ने उसके शव को प्राथमिक स्कूल के पीछे बबूल के पेड़ से फांसी पर लटकते देखा और उन्हें इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस को अवगत कराया। पुलिस मौके पर पहुंची और फांसी के फंदे पर लटकते शव को नीचे उतारकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।

बताया गया है कि मृतक इससे पहले भी तीन बार आत्महत्या करने का प्रयास कर चुका है। जिसमें वह सफल नहीं हुआ था। लेकिन इस बार वह अपने मकसद में कामयाब हो गया है। आत्महत्या के कारणों के पीछे तरह तरह की चर्चा हैं।