– आवागमन को परेशान हैं रेल कर्मी व आमजन
झांसी। उमरे के झांसी मंडल मुख्यालय पर झांसी-मुम्बई रेल लाइन पुलिया नंबर 9 अंडर ब्रिज वर्षा के मौसम में जलभराव की समस्या से जूझ रहा है, किंतु रेल प्रशासन के पास सिवाय जल निकासी की व्यवस्था करने का आश्वासन देने के अलावा कोई समाधान नहीं है। इसके कारण अंडर ब्रिज असुविधा/समस्या का पर्याय बन कर रह गया है। सैंकड़ों रेल कर्मी, आम जनमानस परेशान हैं पर किसी को भी चिंता नहीं है। रविवार व सोमवार को हुई जबरदस्त बारिश ने पुलिया नंबर नौ अंडर ब्रिज को पानी से भर दिया। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से मंगलवार को भी पानी भरा हुआ है। इसके परिणाम स्वरूप वाहन व पैदल जाने आने पर ग्रहण लग गया है। मंगलवार को पानी से लबालब अंडर ब्रिज से रेलवे का ट्रक निकालने का दुस्साहस चालक ने किया। इसके कारण रेलवे का ट्रक अंडर ब्रिज के नीचे पानी में समा कर फंस गया। अब पानी के निकलने पर ही यह ट्रक निकलने की कोशिश की जायेगी। गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंडर ब्रिज में जलभराव की समस्या पर मंडल रेल प्रबंधक संदीप माथुर से सवाल किया गया था। उन्होंने आश्वासन दिया था कि व्यवस्था की जा रही है, जल भराव की समस्या नहीं होगी। इसके बाद इस मामले में क्या कुछ किया गया इसका एक उदाहरण पुलिया नंबर नौ अंडर ब्रिज है। इसके अलावा एक भी ऐसा अंडर ब्रिज नहीं है जिसमें जलभराव की समस्या नहीं है।