,- मिशन शक्ति के तीसरे चरण के अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे यह अभिकर्ता

झांसी। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार संचालित मिशन शक्ति अभियान के तीसरे चरण के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी ने बदलाव के अभिकर्ताओं का चयन किया है। इसके लिए विश्वविद्यालय परिसर की एनएसएस इकाइयों ने 20 स्वयंसेवकों / स्वयंसेविकाओं का चयन किया है।

एनएसएस नोडल अधिकारी एवं इकाई षष्ठम के कार्यक्रम अधिकारी डॉ उमेश कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय के चयनित स्वयंसेवक को महिलाओं और बालिकाओं के प्रति किए जाने वाले व्यवहारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। बाद में यह अभिकर्ता लोगों को नाटक, लेखन, काव्य पाठ के माध्यम से जागरूक करेंगे।

वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी एवं इकाई द्वितीय की कार्यक्रम अधिकारी डॉ श्वेता पांडेय ने बताया कि विश्वविद्यालय में संचालित सभी इकाइयों के स्वयंसेवकों को इसके लिए चयनित किया गया है। इसके तहत 20 स्वयंसेवकों का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि चयनित स्वयंसेवकों को गांधी जयंती के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।

राष्ट्रीय सेवा योजना बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी के समन्वयक डॉ मुन्ना तिवारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी पूरी तरह से तत्पर है। मिशन शक्ति के सफल संचालन के विश्वविद्यालय परिसर एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों में बदलाव के अभिकर्ताओं का चयन किया गया है।