घर से बिना बताए निकल कर प्लेटफार्म पर पहुंच गई
झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर एक पर उस समय अफरातफरी मच गई जब ट्रेन से कट कर एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। जीआरपी द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
मृतका की शिनाख्त थाना नवाबाद क्षेत्र अंतर्गत तालपुरा निवासी राजाबेटी (56) पत्नी जुगल किशोर कोरी के रूप में हुई है। मृतका के बेटे निक्की ने बताया कि दो वर्ष पहले पिता की बीमारी से मौत हो गई थी। तब से मां सदमे में रहती थी। शनिवार सुबह मां को नाश्ता करते हुए वह लोग घर पर अकेला छोड़ गए थे। इसके बाद पुलिस का फोन आया कि ट्रेन से कट कर राजाबेटी की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर परिजन जीआरपी थाने पहुंचे। इसके बाद जीआरपी उन्हें पोस्टमार्टम घर ले कर आई। उन्होंने शव की पहचान की। राजाबेटी की मौत से परिवार में मातम छाया है। उनके तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा जीतू अपनी पत्नी के साथ मोहल्ले में रहता है। जबकि उससे छोटे दो भाई सोनू और निक्की अपनी मां के साथ रहते थे। शनिवार सुबह दोनों काम पर चले गए थे। इसके बाद राजाबेटी घर से निकल गई और रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई। जीआरपी ने बताया कि राजाबेटी प्लेटफार्म नंबर एक पर पटरी पर गिर गई। इसके बाद ट्रेन उनके ऊपर से निकल गई। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।














