– ग्राम पलींदा में किसान चौपाल में खेत पर किसान, गाय एक से समृद्धि पर चर्चा

झांसी। कामधेनु संवर्द्धन एवं अनुसंधान केंद्र के तत्वावधान में ग्राम पालिन्दा में कामेश्वर सिंह, प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा भाजपा की अध्यक्षता में किसान चौपाल आयोजित की गई।

इस दौरान मुख्य अतिथि कामेश्वर सिंह ने गोमूत्र संग्रह हेतु पक्का कैटल शेड तथा खेतों का अवलोकन किया तथा उपस्थित किसानों ने उन्हें गाय के गोबर तथा गोमूत्र से निर्मीत होने वाले उर्वरक जीवामृत तथा घनजीवामृत बना कर दिखाया। उन्होंने केंद्र के प्रबंधक श्याम श्याम बिहारी गुप्ता के प्रयासों की सराहना की कि कैसे उनके अथक प्रयासों से ही आज पालिन्दा में यह कार्य सफल हुआ है तथा और भी गांवों को गौ आधारित कृषि के लिए प्रेरित कर रहा है।

ज्ञात हो कि श्याम बिहारी गुप्ता विगत कई वर्षों से गौ आधारित कृषि के माध्यम से किसानों की समृद्धि के लिए कार्य कर रहें हैं। विगत कई वर्षों से उनके निर्देशन में कामधेनु संवर्धन एवं अनुसंधान केंद्र द्वारा एक किसान एक गाय अभियान का गाँव गाँव में प्रसार किया जा रहा है। एक गाय अथवा बैल से प्रतिदिन 10 किलो गोबर तथा 5 लीटर गोमूत्र प्राप्त होता है। ढेर लगाने की जगह अगर किसान विधिवत रूप से गोबर तथा गोमूत्र का खाद बना कर उपयोग करे तो इससे 2-5 एकड़ खेती कर सकता है। गोमूत्र तथा विभिन्न प्रकार के पेड़ों के पत्तियों इत्यादि से निर्मित कीटनियंत्रकों का प्रयोग सेहत तथा पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुँचाता है। इस विधि से खेती करने पर भूमि की उर्वरा शक्ति कम नहीं होती अपितु बढ़ती है।

इस दौरान नीलम सारंगी ने बताया कि गाँव के 350 में से लगभग 200 परिवार खेत पर ही निवास करते हैं तथा खेत पर ही अपने गाय एवं अन्य पशु रखे हुए हैं। जिसमें से अनेक किसानों ने अपने यहाँ पक्का कैटल शेड बनवा रखा है जिससे प्राप्त गौमूत्र का खेती में उपयोग होता है।घर का खाद, कीटनियंत्रक इत्यादि होने के कारण किसान की बचत हो रही है तथा उच्च गुणवत्ता युक्त उपज का मूल्य भी अच्छा मिलता है। अंत में कामेश्वर सिंह ने कहा कि अगर किसान समृद्ध एवं खुशहाल होना चाहता है तो वह संकल्प ले की वह एक गाय अवश्य पालें। इस अवसर पर संजय राय प्रदेश मंत्री भाजपा तथा सह प्रभारी किसान मोर्चा रामबाबू द्विवेदी, प्रदेश महामंत्री किसान मोर्चा कप्तान सिंह, प्रदेश मंत्री किसान मोर्चा मंजू गुप्ता, डॉ आर के खरे, आकाश राजपूत, हुकुम राजपूत, रामशंकर तिवारी, राहुल, गोपाल सहारिया, बती सहरिया, दिनेश सहरिया व अनेक किसान उपस्थित रहे।