डीआरएम द्वारा चित्रकूट धाम कर्वी, अतर्रा और बांदा स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं व सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा
चित्रकूट धाम कर्वी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा 13 मार्च को चित्रकूट धाम कर्वी, अतर्रा एवं बांदा रेलवे स्टेशनों का दौरा कर रेलवे परिसरों में उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों एवं अन्य व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चित्रकूट धाम कर्वी स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा यात्रियों एवं रेलकर्मियों की सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में हॉलिडे होम एवं एग्जिक्यूटिव लाउंज का उद्घाटन किया गया। यह हॉलिडे होम यात्राओं के दौरान रेल कर्मियों को आरामदायक एवं सुव्यवस्थित ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराएगा, जबकि एग्जिक्यूटिव लाउंज यात्रियों को आधुनिक एवं बेहतर प्रतीक्षा सुविधाएं प्रदान करेगा। इसके उपरांत उन्होंने स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था, यात्री सुविधाओं, प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वच्छताकर्मियों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की तथा स्टेशन परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक ने अतर्रा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर स्टेशन परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था, कैटरिंग स्टॉल, शौचालय, स्टेशन मास्टर पैनल रूम तथा रेलवे सुरक्षा बल कार्यालय का सघन निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने स्टेशन के सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष का भी निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने तथा स्वच्छता एवं रखरखाव को और बेहतर बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
मंडल रेल प्रबंधक द्वारा बांदा रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने सहायक चिकित्सा यान की उपलब्धता एवं तत्परता की समीक्षा की तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने कैटरिंग स्टॉल, पार्किंग एरिया तथा सभी प्लेटफॉर्मों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही जीआरपी कार्यालय एवं आरपीएफ कार्यालय का निरीक्षण कर स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसरों में स्वच्छता, सुरक्षा तथा यात्री सुविधाओं के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल अभियंता (पूर्व) आयुष श्रीवास्तव समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।














