बांदा/झांसी। 7 फरवरी को लगभग 12.00 बजे झांसी मंडल के रेल खण्ड खैरार-बांदा के मध्य स्थित अंडर पास संख्या 452 किमी नं0 1314/17 से 1315/01 पर ट्रैक के नीचे की मिटटी धस गई। मिट्टी धंस जाने के कारण ट्रैक कमजोर होने से सस्पेंड कर दिया गया। उक्त सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बांदा से स्टाफ घटना स्थल पर पहुंच गया। घटनास्थल पर इंजीनियरिंग स्टाफ द्वारा मरम्मत कार्य कर ट्रैक को समय 16:15 बजे चालू कर दिया गया। बताया गया है कि उपरोक्त अंडर पास का पुनः निर्माण का कार्य चल रहा था।

दरअसल, बांदा के दुरेड़ी गांव स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर वर्ष 2019 में बनाए गए अंडरपास की एक दीवार पिछले साल गिर गई थी। इसकी तत्काल मरम्मत कर दी गई थी। समस्या के स्थायी समाधान के लिए अंडरपास का नक्शा बदलकर इसे सीधा बनाया जा रहा है। इसी दरम्यान सोमवार को अचानक इसकी मिट्टी धसक गई, जिससे पटरी टूटकर नीचे गिर गई। गनीमत रही कि पुल पर काम कर रहे मजदूरों में से कोई हताहत नहीं हुआ। तत्काल इसकी सूचना रेलवे के अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही झांसी, मानिकपुर, महोबा, बांदा के निर्माण विभाग के तकनीकी अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची गई। मंडल रेल प्रबंधक भी मौके पर पहुंच गए। ट्रैक से ब्रिज के अंदर गिरी पटरियों को क्रेन से निकालकर फिर ट्रैक पर बिछाने का काम शुरू किया गया। धंसने वाली जगह पर मिट्टी भरी बोरियां रखी गईं। मरम्मत की वजह से तकरीबन चार घंटे तक इस ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। इसके बाद ट्रेनों को धीमी गति से निकाला गया।