झांसी। विधानसभा चुनाव के चलते समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर करारा हमला बोला है। बबीना विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी अपने पुत्र यशपाल सिंह के समर्थन में चुनावी दौरे के दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को कथनी तथा करनी में अंतर वाली पार्टी बताया।        उन्होंने कहा कि झूठ और फरेब की राजनीति यदि सीखनी है तो भारतीय जनता पार्टी से बड़ा गुरु कोई और नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पिछले 5 साल में लोगों को सिर्फ ठगा है। झूठे सपने दिखाकर छला है। भाजपा के शासनकाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा समाजवादी पार्टी पर लगाए गए तमाम आरोपों के जवाब में पूर्व राज्यसभा सांसद ने कहा कि आरोप लगाने वाले पहले अपने गिरेबान में झांक कर देखें। सच्चाई यह है कि सारे राजनीतिक दलों में अराजकता, खुली गुंडई तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों को अंजाम देने के मामले में भारतीय जनता पार्टी के अलावा कोई दूसरा राजनीतिक दल है ही नहीं। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने खुलेआम दबंगई का नंगा नाच किया। मतदाताओं को वोट नहीं डालने दिए गए। प्रत्याशियों को घर से नहीं निकलने दिया गया। प्रस्तावकों का या तो अपहरण कर लिया गया या खाकी का सहारा लेकर घर में ही नजरबंद कर दिया गया । जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में चुने गए जिला पंचायत सदस्यों के प्रमाण पत्र छीन लिए गए। ब्लाक प्रमुख के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के लोग भगवा दुपट्टा डालकर हाथों में डंडे लिए मतदान केंद्रों के बाहर खड़े रहे और पुलिस मूकदर्शक बनकर तमाशा देखती रही। उन्होंने कहा कि 5 साल भारतीय जनता पार्टी ने प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग किया और खाकी की आड़ लेकर खुलेआम गुंडई तथा अराजकता की। पूरे प्रदेश में भाजपा ने बदले की भावना से काम किया। मुख्य रूप से समाजवादी पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता को निशाना बनाया गया और उनके खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कराए गए। उन्होंने कहा कि इस सबका जवाब देने का अब वक्त आ गया है। हम यह जवाब उनकी तरह गुंडई तथा अराजकता से नहीं देंगे। हम उनका जवाब उन्हें लोकतांत्रिक पद्धति का पालन करते हुए तथा लोकतंत्र का सम्मान करते हुए अपने वोट के माध्यम से देंगे। उन्होंने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को मतदाता खदेड़ रहे हैं। इससे जाहिर है कि पूरे प्रदेश में भाजपा का खदेड़ा निश्चित है। यही स्थिति देखकर भाजपा के नेता बौखला गए हैं और अब अनर्गल बयानबाजी पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि वे दिन लद गए, जब आम जनता को बरगलाकर राजनीति की जाती थी। भारतीय जनता पार्टी की बरगलाने वाली नीति अब नहीं चलने वाली, क्योंकि जनता अभी से उनके प्रत्याशियों को अपने दरवाजे से दौड़ाकर जवाब देने लगी है।

इसी क्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद ने आज पूर्व विधान परिषद सदस्य श्याम सुंदर सिंह के साथ बबीना विधानसभा क्षेत्र के चिरगांव ब्लॉक में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से 20 फरवरी को होने वाले मतदान में साइकिल का बटन दबाकर समाजवादी पार्टी को विजई बनाने की अपील की।

बबीना के विकास हेतु यशपाल भैया को जिताना है

आज बबीना नगर मै कबाड़ी बाजार, स्टेशन रोड, कसाई मोहल्ला, मैन रोड, कपड़ा बाजार, सराफा बाजार, इमामबाड़ा, कुरयाना मोहल्ला, जलनिगम कॉलोनी आदि स्थानों पर जाकर माताओं, बहनों, बुजुर्गों, एवं व्यापारियों के बीच जाकर आर्शीवाद प्राप्त किया एवं सपा प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव को समर्थन एवं वोट देने की अपील की।

दर्जनों कांग्रेसी सपा में शामिल

विधानसभा चुनाव के चलते राजनीतिक दलों द्वारा एक दूसरे के दल में सेंधमारी लगाना लगातार जारी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस में सेंध लगाते हुए दर्जनों कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल कर लिया है। हंसारी में समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव की मौजूदगी में राय समाज की बैठक में कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया। नितेंद्र राय के नेतृत्व में इन कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। समाज की बैठक में मौजूद पूर्व सांसद डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के परिवार को अब और ताकत मिल गई है। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी की नीतियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं, इसीलिए बड़ी संख्या में लोग समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में शामिल होने वाले दूसरे दलों के लोगों के सम्मान की पूरी तरह से सुरक्षा की जाएगी। उनके सम्मान से किसी भी तरह का कोई भी समझौता नहीं होने दिया जाएगा।

प्रो रामगोपाल 15 को वह स्वामी प्रसाद 16 झांसी में समाजवादी पार्टी के प्रमुख महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव का 15 फरवरी को झांसी आगमन हो रहा है। प्रमुख महासचिव 15 फरवरी को अपराहन 12:00 बजे बबीना विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उक्त जानकारी देते हुए समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य 16 फरवरी को झांसी आएंगे। वह बबीना विधानसभा क्षेत्र के चिरगांव मंडी प्रांगण में पूर्वाहन 11:00 बजे सभा को संबोधित करेंगे।