झांसी में एक्सप्लोसिव फैक्ट्रि में धमाके, ड्राइवर की मौत 

0
57

आकाशीय बिजली गिरने से गोदाम में हुए विस्फोट, मकानों को भी पहुँचा नुकसान

झांसी/बबीना। शुक्रवार की रात आकाशीय बिजली गिरने से जिले के बबीना क्षेत्र में स्थित इण्डो गल्फ एक्सप्लोसिव फैक्ट्रि के गोदाम में रखी विस्फोटक सामग्री में धमाके के साथ विस्फोट हो गया‌। इसे देखने के लिए अधिकारियों के साथ पहुंचा सम्विदा कर्मी चालक दोबारा हुए विस्फोट में काँच के कुछ टुकड़े लगने से गम्भीर रूप से घायल हो गया। उसने इलाज के दौरान मेडिकल कॉलिज में दम तोड़ दिया। धमाके से आसपास के इलाके के मकानों को भी नुकसान पहुँचा है।

बबीना थानान्तर्गत स्थित इण्डो गल्फ एक्सप्लोसिव फैक्ट्रि के गोदाम में शुक्रवार की रात लगभग 8 बजे अचानक आकाशीय बिजली गिरी, इससे वहाँ रखे विस्फोटक सामान में आग लगने से धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकानों में भी दरारें आ गयीं। फैक्ट्रि में घुओं उठते देख वहाँ अधिकारियों के साथ बबीना के शास्त्री नगर निवासी सम्विदा कर्मी चालक नवल यादव (37) भी वहाँ पहुंच गया। वह जिस स्थान पर खड़ा था वहां कुछ देर बाद दूसरा धमाका हो गया। इससे कांच के टुकड़े नवल को लगे और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटनाक्रम की सूचना मिलने पर मौके पर बबीना थाना प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार साहू, एसआइ पंकज कुमार, एसआइ भगत सिंह, कौस्टबल शिवजीत के साथ मौके पर पहुँचे। आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में फैक्ट्रि गेट पर एकत्र हो गये। इधर, एडीएम, एसपी (सिटि) प्रीति सिंह, एसडीएम गोपेश तिवारी, सीओ (सदर) रामवीर सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजकिशोर राय फायर ब्रिगेड गाड़ी के साथ मौके पर पहुँचे।

आनन-फानन में गम्भीर रूप से घायल नवल को मेडिकल कॉलिज पहुँचाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। नवल की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक 15 व 12 वर्ष के नाबालिग बच्चों का पिता है। इस विस्फोट से फैक्ट्रि के आसपास के कुछ घरों में दरारें आ गई और खिड़कियों के कांच क्षतिग्रस्त हो गए।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here