झांसी। झांसी-ललितपुर-जालौन सीट पर एमएलसी चुनाव में विजय श्री हासिल करने के लिए भाजपा प्रत्याशी रमा निरंजन व सपा प्रत्याशी श्याम सुंदर सिंह में सीधे आमने सामने की टक्कर है। दोनों महारथी एक दूसरे को शिकस्त देने की कवायद में जुटे हुए हैं।

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी से एम एल सी बनी रमा निरंजन यूपी विधान सभा चुनाव से कुछ समय पहले ही सपा छोड़ कर भाजपा में शामिल हो गई थी। इसके फलस्वरूप रमा निरंजन को भाजपा ने एम एल सी का टिकट देकर प्रत्याशी घोषित कर दिया था। अब रमा की सीधी टक्कर सपा के वरिष्ठ नेता श्याम सुंदर सिंह से है।   श्याम सुंदर भी दो बार एमएलसी रह चुके हैं। दोनों ने जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झौंक दी है। रमा को सत्ता का लाभ मिलना तय है। इसके चलते रमा ताकतवर दिखाई दे रही हैं। हालांकि विपक्षी की ताकत को आंक कर श्याम सुंदर भी कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। चुनाव मैदान में दो निर्दलीय प्रत्याशी भी जोर अजमाइश कर रहे हैं। यह 12 को तय होगा कि विजय का ताज किसके सर सजेगा।

37 मतदान स्थल पर 3828 वोटर मतदान करेंगे

9 अप्रैल को मतदान और 12 को मतगणना होगी। चुनाव निर्विघ्न संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां चौकसी हैं। 37 मतदान स्थल पर 3828 वोटर मतदान करेंगे। इसमें सबसे ज्यादा 191 वोटर जखौरा क्षेत्र पंचायत में वोट डालेंगे। झांसी में सबसे ज्यादा 177 वोटर मऊरानीपुर में वोट डालेंगे। कुछ मतदान स्थल ऐसे भी हैं, जहां मात्र 11 से 15 वोटर ही वोट डालेंगे।

जालौन में सबसे ज्यादा 1413 वोटर है। ये सभी 13 मतदान स्थल पर वोट डालेंगे। झांसी में 16 मतदान स्थल पर 1395 वोटर मतदान करेंगे। इसके अलावा ललितपुर में 8 मतदान स्थल पर 1020 वोट वोट डालेंगे।

मतगणना बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में होगी

एम एल सी चुनाव हेतु बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से पोलिंग पार्टियां बूथ के लिए रवाना होंगी। मतदान के बाद सभी मतपेटियां भी विश्वविद्यालय में ही बने स्ट्रांग रूम में रखी जाएंगी। 12 अप्रैल को विश्वविद्यालय में मतगणना होगी।