झांसी। पुलिस कस्टडी से रफूचक्कर मध्यप्रदेश के शातिर चोर ने झांसी पुलिस को पंद्रह दिन छकाया आखिरकार पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान लंगड़ा कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा कारतूस बरामद कर लिए है।
दरअसल, थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मेवाती पुरा निवासी ऊषा के घर चोरी की घटना को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने पंद्रह दिन पूर्व दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। जिनमें एक मध्यप्रदेश के जिला ग्वालियर बिजौली थाना क्षेत्र निवासी संजय उर्फ दीपक तथा दूसरा जिला दतिया हरदौल मोहल्ला निवासी नदीम था। दोनों को मेडिकल परीक्षण हेतु पुलिस कस्टडी में जिला चिकित्सालय लाया गया था।
जिला चिकित्सालय से शातिर नदीम चकमा देकर पुलिस कस्टडी से भाग निकला था। पुलिस द्वारा लगातार फरार शातिर की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में एसएसपी के निर्देशन में तलाश में जुटी स्वाट और कोतवाली पुलिस को देर रात सूचना मिली कि फरार नदीम झांसी में नगरिया कुआं क्षेत्र में है और सफेद रंग की बाइक से कहीं भागने की फ़िराक़ में है। इस सूचना पर बताए गए क्षेत्र में पहुंची दोनों टीमों ने घेर कर पकड़ने का प्रयास किया, किंतु उसने टीम पर तमंचे से फायर कर दिया और भागने लगा।
यह देख कर दोनों टीमों ने जवाबी फायरिंग की जिसमें नदीम के एक पैर में लगी गोली से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस सहित बाइक बरामद कर ली। नदीम को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया है।














