– पूर्व सरपंच का बेटा डेढ़ महीने से कर रहा था रेप, 3 पर केस दर्ज

भिवाड़ी (अलवर)। राजस्थान के अलवर में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें 14 वर्षीय रेप पीड़िता ने बार बार रेप से परेशान होकर पुलिस व कानून पर विश्वास नहीं कर स्वयं ही रेपिस्ट को ऐसी सजा दी कि लोग हैरान रह गए। उसने रेपिस्ट की हत्या कर लाश को सड़क किनारे फेंक दिया। मृतक पूर्व सरपंच का बेटा था, जिसकी लाश 18 मई को अलवर के कोटकासिम इलाके में सड़क के किनारे मिली।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पूर्व सरपंच का बेटा लड़की को काफी समय से ब्लैकमेल कर रेप कर रहा था। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ भी संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। यह लड़की से बर्दाश्त नहीं हुआ और उसने खेत में बुलाकर लड़के को मार डाला। वारदात के समय युवक शराब के नशे में था। भिवाड़ी ASP अतुल साहू ने मीडिया को बताया कि पूर्व सरपंच धनीराम यादव के बेटे विक्रम यादव (45) का शव 18 मई को सुबह गांव के पास सड़क पर मिला था। परिजन इसे सामान्य मौत मानकर शव घर ले गए। उन्हें लगा कि उसकी मौत गिरने से हुई है।

अंतिम संस्कार के समय विक्रम के गले पर निशान व  खून के धब्बे दिखाई देने पर परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी। जांच में गांव की ही 10वीं में पढ़ने वाली लड़की की भूमिका संदिग्ध मिली। लड़की की मां नहीं हैं। उसका भाई प्राइवेट जॉब करता है। पुलिस ने उससे सख्ती दिखाई तो सारा मामला सामने आ गया।

दरअसल नाबालिग लड़की विक्रम यादव के घर पानी भरने जाया करती थी। डेढ़ महीने पहले नाबालिग ने अपने प्रेमी से बात करने के लिए विक्रम का फोन मांगा। दोनों के बीच की बात विक्रम के फोन में रिकॉर्ड हो गई थी। पिछले एक साल से लड़की का गांव के ही किसी युवक के साथ अफेयर चल रहा था। इस पर विक्रम उसे ब्लैकमेल करने लगा और रेप किया। इतना ही नहीं विक्रम ने नाबालिग पर अपने दोस्तों का भी संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। इसी बात को लेकर लड़की नाराज थी। उधर, विक्रम से पहले गांव के 2 अन्य युवक नाबालिग के साथ रेप कर रहे थे। करीब 6 महीने पहले इन युवकों को भी उसके अफेयर के बारे में पता चल गया था। इसी बात को लेकर दोनों युवक लड़की को ब्लैकमेल कर लगातार दुष्कर्म कर रहे थे।

ASP ने बताया कि 17 मई की शाम को लड़की पानी भरने के बहाने विक्रम के घर गई। आरोप है कि लड़की ने विक्रम को इशारा कर घर के पास वाले खेत में रात साढ़े नौ बजे बुलाया था। विक्रम शराब के नशे में पहुंच गया। इसी का फायदा उठा उसने चुन्नी से गला घोंट कर मार दिया और सड़क पर शव फेंक दिया। मामला सामने आने के बाद नाबालिग को हिरासत में लेकर अलवर के नारी निकेतन में भेजा गया है। नाबालिग ने कोटकासिम थाने में विक्रम सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ सोमवार को रेप का मामला दर्ज करवाया है।

पुलिस को मौके पर पैरों के निशान व विक्रम का मोबाइल फोन भी मिला। जांच में नाबालिग की रिकॉर्डिंग पुलिस को मिली। तलाशी में मौके पर एक जगह जली हुई चुन्नी का टुकड़ा मिला। उसे जब्त कर जांच की गई तो उस पर खून के निशान भी मिले। इसके बाद नाबालिग से पूछताछ की गई तो पूरी कहानी सामने आई। मृतक विक्रम यादव के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा ग्रेजुएशन कर चुका है। छोटा बेटा दिल्ली यूनिवर्सिटी में बीएससी फाइनल ईयर का स्टूडेंट है।