मोबाईल से खुला राज तो मां के उड़े होश, बलात्कारी दबोचे

भोपाल मप्र। भोपाल में लगभग दो वर्ष से दो दोस्त 11वीं की छात्रा को डरा धमका कर और ब्लैकमेल कर बलात्कार कर रहे थे। भयभीत छात्रा की नरकीय जिंदगी का खुलासा छात्रा के मोबाइल फोन से हुआ। बुधवार रात मां ने जब बेटी का मोबाइल फोन देखा, तो होश उड़ गए। बेटी के मोबाइल फोन पर आरोपियों के अश्लील धमकी भरे चैट थे। इसमें कहा गया था कि अगर उसने उनकी बात नहीं मानी या किसी को इसके बारे में बताया तो वे उसे बदनाम कर देंगे। यह देख कर देर रात महिला ने बेटी के साथ थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

भोपाल के ऐशबाग में रहने वाली 17 साल की लड़की 11वीं में पढ़ती है। लड़की की मां ने बताया कि उनकी बेटी से दो लड़के कई दिनों से दुष्कर्म कर रहे हैं। उनकी बेटी घर के पास ही टेलर आसिफ के पास अक्सर कपड़े सिलवाने जाती थी। कपड़ा देने कभी-कभी आसिफ घर पर आता था। करीब दो साल पहले आसिफ जब घर पहुंचा, तो उस दौरान छात्रा घर पर अकेली थी। आरोपी ने डरा-धमकाकर उससे दुष्कर्म किया।

इसके बाद वह लगातार घर पर छात्रा के रहने पर आकर उससे दुष्कर्म करने लगा। इसका पता पड़ोस में रहने वाले ईशान को चला, तो वह भी लड़की को ब्लैकमेल करने लगा। उसने भी डरा धमका कर उससे रेप करना शुरू कर दिया। इसके बाद से दोनों उससे अक्सर ब्लैकमेल कर दबाव बना कर रेप करने लगे। भयभीत बेटी ने बदनामी के डर से अपने साथ हो रही ज्यादती के  बारे में भी कुछ नहीं बताया।

पीड़िता की मां ने बताया कि वह ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। वह सुबह ही काम पर चली जाती हैं, जबकि बड़ा बेटा भी जॉब पर चला जाता है। इस कारण उन्हें अब तक पता नहीं चल पाया कि बेटी के साथ क्या हो रहा है। उसने भी कभी इसके बारे में किसी को कुछ नहीं बताया।

ऐसे खुलासा हुआ : मां ने बताया कि बुधवार शाम उन्होंने बेटी का मोबाइल फोन लिया। ऐसे ही जब उन्होंने वाट्सअप चैट को देखा, तो दो नंबरों से उसे लगातार मैसेज थे। उन्होंने जब वह ओपन करके देखे तो होश उड़ गए। आरोपी करीब 2 साल से उससे ज्यादती कर रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।