पति ने निकाला घर से, पीड़िता पुलिस की शरण में 

फरीदाबाद। फरीदाबाद में पर्वतीय कॉलोनी में एक व्यक्ति 23 वर्षीय महिला से 11 साल तक दुष्कर्म करता रहा। शादी के बाद जब पीड़िता ने उसके साथ संबंध बनाने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने सारी बात महिला के पति को बता दी। अब महिला के पति ने उसे घर से बाहर निकाल दिया है। पीड़िता की शिकायत पर एनआईटी महिला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीड़िता की उम्र इस समय 23 वर्ष है। उसकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई है। उसने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया है कि शादी से पहले वह पर्वतिया कॉलोनी में परिजनों के साथ रहती थी। इस दौरान पड़ोस में रह रहे एक युवक ने 12 साल की उम्र में ही उसे शादी के झांसे में ले लिया और दुष्कर्म करने लगा। इस दौरान बलात्कारी ने अश्लील वीडियो और फोटो भी बना लिए थे। इनके आधार पर धमका कर लगभग 11 वर्ष तक वह रेप करता रहा। आरोप है कि जब उसकी शादी हो गई तो उसके बाद भी पड़ोसी उस पर शारीरिक संबंध जारी रखने का दबाव बनाता रहा। मना करने उसने अश्लील वीडियो और फोटो उसके पति को दिखा दिए। यह देख कर पति ने पीड़िता को घर से बाहर निकाल दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी शादीशुदा है। उसकी भी शादी हाल ही में हुई है। पति द्वारा घर से बाहर निकाले जाने के बाद पीड़िता आरोपी के पास पहुंची और उससे शादी का दबाव बनाया, लेकिन आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया है। उसने महिला को शादीशुदा होने की बात कह उसे घर भगा दिया है। पीड़िता ने न्याय की गुहार की है।