10 वर्षीय मासूम की हत्या, पड़ोस के मकान में मिला शव 

झांसी। झांसी जिले के लहचूरा थाना क्षेत्र के ग्राम खंदरका में 10 वर्षीय मासूम बच्चे की हत्या कर दी गई। उसका शव पड़ोस के कच्चे मकान में मिलने से हड़कम्प मच गया। घर का इकलौता चिराग बुझ जाने से कोहराम मच गया है। सूचना मिलते ही थाने की पुलिस व उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने घटना की जानकारी करते हुए शव को कब्जे में लिया और कार्यवाही शुरु कर दी है।

घटना झांसी जिले के लहचूरा थानान्तर्गत ग्राम खंदरका की है। गांव में रहने वाला 10 वर्षीय सुमित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। रोज की तरह विगत दिवस माता पिता मजदूरी करने गए थे। घर में 10 वर्षीय सुमित अकेला था। मजदूरी करने के बाद शाम को माता-पिता वापस घर लौटे तो सुमित नजर नहीं आया। काफी देर तक नजर न आने पर उन्हें चिंता हुई और उन्होंने खोजबीन करते हुए इसकी सूचना डायल-112 पुलिस को दी।

ग्रामीणों के अनुसार पुलिस ने सूचना को गम्भीरता से लिया और परिजनों के साथ उसकी खोजबीन की तभी पता चला कि उसका शव पड़ोस के कच्चे मकान में पड़ा हुआ है। यह सुनते ही माता-पिता के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही थाने की पुलिस, एसएसपी मौके पर पहुचे। जहां घटना की जानकारी ली गई।

सुमित की मौत कैसे और किसने किन परिस्थितियों में की यह स्पष्ट नहीं हो सका। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना को गम्भीरता से लेते हुए एसएसपी तीन टीमें गठित कर शीघ्र खुलासा करने का आश्वासन दिया है।