125 साल की वृद्धा की परलोक यात्रा पर परिजनों ने खुशी खुशी दी अंतिम विदाई 

झांसी। नगर के सीपरी बाजार क्षेत्र में उस समय जनता हतप्रभ रह गई जब एक शव यात्रा में डीजे की धुन पर लोग नाचते दिखाई दिए। यह आश्चर्यजनक शव यात्रा कोतूहल व चर्चाओं का केंद्र बनी रही और जब लोगों को हकीकत पता लगी तो वह भी मुस्कुरा कर कहा उठे मृत्यु दुख नहीं खुशियों का पैगाम है।

दरअसल सीपरी बाजार निवासी एक परिवार में सौ वर्ष से अधिक जीवन जीने बाद वृद्धा का आज निधन हो गया। वह इस संसार को छोड़कर परलोक जा चुकी थी। वृद्धा की मृत्यु ने भरे पूरे परिवार को दुःखी कर दिया, किंतु उन्होंने खुशी खुशी अंतिम यात्रा निकालने का निर्णय लिया। उसके परिजनों व रिश्तेदारों ने डीजे की धुन पर नाचते झूमते अंतिम यात्रा शमशान घाट तक निकाली। जिसने भी इस अंतिम यात्रा को देखा वह आश्चर्यचकित रह गया।

सीपरी बाजार क्षेत्र के आईटीआई निवासी पवन तोमर की दादी केसर बाई का आज निधन हो गया। परिजनों ने बताया की वृद्धा मां 125 वर्ष की आयु पूरी कर परलोक की यात्रा पर निकल गई है। इसलिए पूरा परिवार खुशियां मना कर उन्हें अंतिम विदाई दे रहा है।परिजनों ने उनकी अंतिम यात्रा ढोल नगाड़े और डीजे की धुन पर नाचते गाते बजाते हुए निकाली। उनका मानना है की उनकी मां को स्वर्ग लोक मिलेगा इसलिए वह खुशियां जाहिर कर रहे हैं।