झांसी। घरेलू विवाद के चलते दो माह पूर्व पत्नी के बच्चों सहित मायके चली जाने से दुखी आटो चालक ने अपनी बहन को फोन करके कहा कि वह अब जीना नहीं चाहता। इसके बाद उसने जहर खाकर जान दे दी।

जिले के मोंठ थाना क्षेत्र अंतर्गत के बमरौली निवासी आटो चालक 30 वर्षीय राम कैलाश गुरुवार को सुबह घर से ऑटो लेकर निकला। परिजनों के अनुसार दोपहर करीब दो बजे उसने बहन को फोन पर बताया कि अब वह जिंदगी से निराश हो गया, जीने की कोई इच्छा नहीं बची। बहन ने ढांढस बंधाने की कोशिश की तो राम कैलाश ने बताया कि उसने जहर खा लिया है, कुछ देर बाद वह मर जाएगा। यह सुनकर उसकी बहन घबरा गई और उसने परिजनों को जानकारी दी।

इसके बाद परिजनों ने राम कैलाश की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद वह मोंठ के नेहरू नगर के पास सड़क किनारे ऑटो में बेसुध मिला। परिजनों ने गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां  उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।

परिजनों का कहना है कि राम कैलाश का पत्नी से विवाद चल रहा था। पिछले दो माह से पत्नी तीनों बच्चों को लेकर मायके में रह रही थी। पत्नी के वापस न लौटने से राम कैलाश परेशान था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।