झांसी। जिले के बबीना थाना अंतर्गत आरामशीन क्षेत्र में खेलते-खेलते लगभग 15 वर्षीय किशोर की राजघाट नहर में  गिरने से मौत हो गई। लगभग 12 घंटों की मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला और पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जिले के शहर कोतवाली अंतर्गत उन्नाव गेट अंदर निवासी विनोद झा अपने बच्चों और पत्नी के साथ वर्तमान में बबीना थानान्तर्गत बीएचईएल आरामशीन क्षेत्र में किराए से रहता है। विनोद झा टैक्सी चलाकर अपना और परिवार का भरण पोषण करता है।

परिजनों के मुताबिक विनोद का एक बेटा लगभग 15 वर्षीय अभिषेक विगत दिवस घर में सो रहा था। नींद से जागने के बाद वह खेलने के लिए घर से बाहर निकला गया। काफी देर तक जब वह नजर आया तो परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू कर दी। विनोद ने अपने साथियों के साथ खोजबीन करते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी।

इसी दौरान उन्हें पता चला कि नहर किनारे एक लड़के के कपड़े पड़े हुए है। वहां जाकर उन कपड़ों को देखा तो वह अभिषेक के निकले। विनोद ने पुलिस की मदद से नहर को बंद कराया और उसकी खोजबीन कराई। लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर गोपाल पुरा के पास उसका शव नहर में मिला। शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया और फिर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अभिषेक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।