झांसी। सीने में दर्द के इलाज के लिए महोबा जिला जेल से झांसी लाया गया बंदी मेडिकल कॉलेज से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस मामले में बंदी की अभिरक्षा में लगे दो पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार बंदी की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन चौबीस घंटे बाद भी हाथ खाली हैं।

धोखाधड़ी के एक मामले में मध्य प्रदेश के भिंड निवासी अजय (30) को महोबा पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वह महोबा जेल में दो सितंबर से बंद चल रहा था। सात सितंबर को सीने में दर्द होने से हालत बिगड़ने पर उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। वहां से उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था।

इसके तहत पहले उसकी अभिरक्षा में महोबा जेल पुलिस को लगाया था। बाद में महोबा के तीन सिपाहियों को भेजा गया था। सोमवार की रात तकरीबन आठ बजे बंदी पुलिस को चकमा देकर मेडिकल कालेज से फरार हो गया। इससे उसकी अभिरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों के पसीने छूट गए। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। सूचना मिलने पर झांसी पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी रही, लेकिन वह हाथ नहीं आ पाया। इसके बाद मंगलवार को इस मामले में हेड कांस्टेबल कैलाश नारायण की तहरीर पर नवाबाद थाना पुलिस ने आरक्षी आनंद कुमार, सौरभ सिंह व बंदी अजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।