– पुलिस की कार्यशैली से नाराज है महिला

  झांसी। अपहृत नाबालिग बेटी का पता नहीं लगने से दुखियारी मां ने मामले में कोतवाली पुलिस की कार्यशैली से नाराज होकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आत्मदाह का प्रयास किया, समय रहते वहां सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने उससे मिट्टी का तेल की बोतल छीन कर बचा लिया।

कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत उन्नाव गेट बाहर निवासी पीड़िता दीपिका साहू की लगभग 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को दिसंबर महीने में जितेंद्र रायकवार निवासी सुकवा ढुकुवां कॉलोनी, सिविल लाइंस अगवा कर ले गया। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया लेकिन, उसके बाद से उसकी बेटी का कुछ पता नहीं चल रहा है। पुलिस द्वारा आरोपी का नाम प्रकाश में आने पर उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया, किंतु दोनों का कोई सुराग नहीं लगा।

इधर, काफी दिनों बाद भी बेटी का सुराग नहीं लगने पर दीपिका व उसके परिजन परेशान हैं। दीपिका का कहना है कि उसने बेटी को बरामद करने के लिए कई बार पुलिस से गुहार लगाई। पुलिस ने उसे अनसुना कर दिया। इसकी कार्यशैली से नाराज होकर वह मंगलवार दोपहर करीब 11:30 बजे मिट्टी के तेल से भरी बोतल लेकर कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर पहुंच गई और बोतल से पूरा तेल अपने ऊपर उड़ेल लिया। आग लगाने से पहले ही उसे पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया। महिला को महिला थाना लाया गया है।
इस मामले में एसएसपी ने बताया कि लड़की व आरोपी की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि लड़का व लड़की अपने अपने मोबाइल फोन साथ नहीं ले गए हैं। इसके कारण तलाश में परेशानी हो रही है। पुलिस की टीम कार्रवाई कर रही है।