उमरे मुख्यालय में राजभाषा पखवाड़ा समारोह व पुरस्कार वितरण 

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के अधिकारी क्लब स्पंदन के सभागार में राजभाषा पखवाड़ा के मुख्य समारोह व पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन महाप्रबंधक प्रमोद कुमार ने करते हुए कहा कि हिंदी सिर्फ एक भाषा ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्‍कृतिक धरोहर का माध्‍यम है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का नैतिक दायित्व है कि वह पूरी कर्तव्य भावना के साथ अपने सभी कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करें। इस अवसर पर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक शशिकांत सिंह ने उत्तर मध्य रेलवे में राजभाषा के प्रयोग-प्रसार के लिए किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि कंप्‍यूटरों पर हिंदी में काम-काज बढ़ाने व प्रोत्साहन हेतु किए गए कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर महाप्रबंधक द्वारा प्रतियोगिताओं के विजेता और हिंदी में उत्‍कृष्‍ट कार्य करने वाले 103 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्‍कार प्रदान किया गया। महाप्रबंधक प्रमोद कुमार ने प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक बिप्लव कुमार, महाप्रबंधक के सचिव एवं उपमहाप्रबंधक अजय सिंह तथा अन्य अधिकारियों को मुख्यालय की राजभाषा पत्रिका रेल संगम में उनके विशिष्ट लेख के लिए प्रश्स्ति पत्र और मुख्य बिजली इंजीनियर/ईईएम अनुपम सिंहल, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रवीन्द्र वर्मा सहित अन्य अधिकारियों को हिंदी में अधिकाधिक डिक्टेशन के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

समारोह में महाप्रबंधक ने लोको पायलट अवधेश कुमार विश्वकर्मा के काव्य संग्रह ‘रेल उद्गार’ का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में सभी प्रमुख विभागाध्‍यक्षों सहित बड़ी संख्‍या में अन्‍य वरिष्‍ठ अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री चन्‍द्र भूषण पाण्‍डेय, वरिष्‍ठ राजभाषा अधिकारी ने तथा उप मुख्‍य राजभाषा अधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।

*राजभाषा पखवाड़ा-2022 सम्मान समारोह के दौरान, श्री रवीन्द्र वर्मा, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, को सम्मानित किए जाने के संबंध में।*

आरपीएफ ने भी पुरस्कार हासिल किए

राजभाषा विभाग द्वारा सर्वाधिक श्रुतलेख के लिए रवीन्द्र वर्मा, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेल सुरक्षा बल को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। राजभाषा पखवाड़ा समारोह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता मे रेल सुरक्षा बल के स.उ.नि. चतुर्भुज मिश्रा, प्रधान आरक्षी शिल्पी झा एवं पुष्पा को भी पुरस्कृत करते हुए सम्मानित किया गया।