#Jhansi न्यायालय और न्यायिक अधिकारी को बम से उड़ाने की धमकी

0
135

एसएसपी को लिखा पत्र, न्यायालय व न्यायाधीश की बढ़ी सुरक्षा 

झांसी। झांसी में न्यायालय अपर सत्र न्यायाधीश व न्यायिक अधिकारी को बम से उड़ाने की धमकी का पत्र मिलने से न्यायालय परिसर में सनसनी फ़ैल गई है। इस मामले में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी जिला न्यायालय ने एसएसपी को पत्र लिखकर कार्यवाही के निर्देश दिए है। इसके बाद न्यायालय व न्यायाधीश की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। आने जाने वालों पर नजर रखी जा रही है।

दरअसल, डाक से एक गुमनाम पत्र जिला न्यायाधीश के नाम न्यायालय को मिला। जिसमें अपर जिला सत्र न्यायाधीश व न्यायालय को टारगेट कर बदला लेने के लिए बम से उड़ा देने की धमकी दी गई है। इसमें तारीख भी तय की गई है। पत्र में एक अधिवक्ता का नाम लिखा है। यह गुमनाम पत्र मिलने के बाद न्यायालय परिसर में सनसनी फ़ैल गई है।

पत्र को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय के प्रशासनिक अधिकारी ने एसएसपी को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम और पत्र की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए है। पत्र मिलने के बाद न्यायालय व संबंधित न्यायाधीश के आवास की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। गुमनाम पत्र की जांच की जा रही है।

इस मामले में पुलिस द्वारा बताया गया है कि 16 अप्रैल को जिला न्यायालय, झांसी के न्यायाधीश को न्यायालय परिसर स्थित डाकघर के माध्यम से एक सूचना प्राप्त हुई, जिसमें उन्हें भयभीत/धमकाने का प्रयास किया गया है। प्रथम दृष्टया यह कृत्य किसी शरारती तत्व द्वारा किया गया प्रतीत होता है।

अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

प्रारंभिक जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया है कि उक्त पत्र न्यायालय परिसर स्थित डाकघर के माध्यम से प्रेषित किया गया है। इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित के विरुद्ध थाना स्थानीय पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। प्रकरण में विवेचनात्मक कार्यवाही प्रचलित है। इसके साथ ही, न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ कर दी गई है एवं न्यायाधीश की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here