झांसी। कुख्यात लेखराज सिंह यादव को छुड़ाने की साजिश रचने के आरोप में झांसी पुलिस द्वारा गिरफ्तार सपा के पूर्व गरौठा विधायक दीपनारायण सिंह यादव के लिए संघर्ष करने की समाजवादी पार्टी तैयारी कर रही है। इसके तहत पार्टी मुखिया अखिलेश यादव के निर्देश पर 10 अक्तूबर को पार्टी का प्रतिनिधिमंडल दीपनारायण सिंह यादव से मिलने के लिए झांसी जेल पहुंचेगा।

गौरतलब है कि झांसी पुलिस ने 26 सितंबर को दीपनारायण सिंह यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। घटना के संबंध में पूछताछ के लिए पुलिस उन्हें दो बार रिमांड पर ले जाया जा चुका है। दीपनारायण सिंह यादव की गिरफ्तारी का समाजवादी पार्टी द्वारा विरोध किया जा रहा है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी गिरफ्तारी का विरोध कर चुके हैं। पार्टी नेता दीपनारायण को अलग थलग नहीं छोड़ना चाहते। इसी क्रम में अब सोमवार को पार्टी का प्रतिनिधिमंडल दीपनारायण से मुलाकात करने पहुंचेगा।

पार्टी ने प्रतिनिधिमंडल में सपा विधायक डा. मनोज पांडेय, पूर्व सांसद डा. चंद्रपाल सिंह यादव, विशंभर सिंह यादव, अनिल प्रधान, विनोद चतुर्वेदी, अमिताभ बाजपेयी, इरफान सोलंकी, पूर्व एमएलसी तिलक चंद्र अहिरवार, सीताराम कुशवाहा, संत सिंह सेरसा व महेश कश्यप को शामिल किया है।
गौरतलब है कि जेल में उनसे मिलने इक्का-दुक्का लोग ही पहुंच रहे हैं। पार्टी की ओर से अब तक किसी ने उनसे मुलाकात नहीं की है।