16 को पुतला दहन व 20 को बाजार बंद का अल्टिमेटम 

झांसी। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश कुमार अग्रवाल ने व्यापारियों के उत्पीड़न पर तल्खी दिखाते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार के मुखिया को कठघरे में खड़ा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी और आंदोलन की धमकी दे डाली। इस दौरान मंच पर मौजूद भाजपा नेता असहज दिखाई दिए।

बुंदेलखंड में संगठन की कार्यकारिणी की घोषणा करने आये प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि व्यापारियों ने भाजपा का भरपूर साथ दिया, लेकिन मुख्यमंत्री ने केवल आश्वासन। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद कोरोना काल में व्यापारियों पर दर्ज मुकदमे अब तक वापस नहीं हुए। साथ ही मौजूद समय में जीएसटी सर्वे के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न भी किया जा रहा है। संगठन ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा तब इस पर रोक लगाई गई, लेकिन स्थाई निर्णय नहीं लिया गया। यदि 16 दिसम्बर तक निर्णय नहीं आता तो जीएसटी का पुतला दहन कर विरोध जताया जाएगा। फिर भी मांग नहीं मानी गयी तो 20 दिसम्बर को बाजार बंदी की जाएगी। यह एक दिवसीय भी हो सकती है और बेमियादी भी। उन्होंने ऑनलाइन व्यापार व मॉल्स को साप्ताहिक बंदी से मुक्त रखे जाने पर भी सवाल उठाया और बाजारों को भी साप्ताहिक बंदी से छूट दिए जाने की मांग की।

संगठन में इन्हें मिली जिम्मेदारी

नीरज स्वामी बुंदेलखंड अध्यक्ष, संजीव अग्रवाल लाला बुंदेलखंड संयोजक, दीपक वशिष्ठ बुंदेलखंड वरिष्ठ महामंत्री, विवेक जैन जिला अध्यक्ष, हैप्पी चावला संयोजक, वसीम कुरैशी महामंत्री, अनिल अग्रवाल कोषाध्यक्ष, उदय अग्रवाल प्रवक्ता, नवीन यादव व संजय जैन वरिष्ठ उपाध्यक्ष, साकेत गुप्ता मीडिया प्रभारी, अंकुर जैन ऑडिटर, प्रणय अग्रवाल संगठन मंत्री, हिमांशु नगरिया सह संगठन मंत्री, नितेश अग्रवाल, विवेक यादव, संतोष अग्रवाल, विनय जैन, आनन्द अग्रवाल व सुमित यादव सभी उपाध्यक्ष, आकाश साहू, अमित अग्रवाल व अमित साहू मंत्री तथा अमरनाथ दुबे , भूपेंद्र यादव, अमीश जैन, विकास मोदी, विवेक कपूर व नितेश जैन को कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया। वार्ता के दौरान उक्त पदाधिकारियों के साथ आंतिया तालाब व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय अग्रवाल, शशांक गुरनानी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में राघव वर्मा ने आभार व्यक्त किया।