झांसी। निकाय चुनाव की गहमागहमी के बीच पार्टियां बदलने का सिलसिला जारी है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव रहे तिलक चंद अहिरवार के इस्तीफे के बाद बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री रतनलाल अहिरवार ने बसपा से इस्तीफा दे दिया है। उनके भी भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं।

बसपा प्रमुख मायावती को लिखे पत्र में रतन लाल अहिरवार ने आरोप लगाया कि 2022 के बाद से पार्टी संगठनात्मक गतिविधियों पर ध्यान नहीं दे रही है। उनके जैसा जमीनी कार्यकर्ता भी अपने आप को उपेक्षित महसूस कर रहा है। पार्टी में हो रही उपेक्षा को लेकर वह पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रहे हैं।

गौरतलब है कि रतनलाल अहिरवार ने राजनीतिक सफर भारतीय जनता पार्टी से शुरू किया था। इसी पार्टी के टिकट पर वह विधायक भी बने थे। उसके बाद वह समाजवादी पार्टी में चले गए और वहां भी वह विधायक रहे। फिर उन्होंने बसपा का रुख किया। बसपा के टिकट पर भी वह विधायक हुए और मंत्री बनाए गए। इस दौरान उन पर भ्रष्टाचार के तमाम आरोप लगे थे। इसके बाद उन्होंने बसपा छोड़कर फिर से भाजपा की ओर रुख किया था। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बसपा की सदस्यता ग्रहण करते हुए मऊरानीपुर विधानसभा से विधायक का चुनाव लड़ा। अब बसपा से नाता तोड़ कर वह एक बार फिर भाजपा में शामिल हो सकते हैं। वह भाजपा से निकाय चुनाव में नगर निगम झांसी से महापौर पद के लिए दावेदारी ठोक सकते हैं।