– रिपोर्ट में नामजदगी ग़लत निकली, प्रेमी को दबोचा

झांसी। जनपद के प्रेम नगर थाना क्षेत्र में नई रेल कोच फैक्ट्री के निकट कच्चे सम्पर्क मार्ग पर हुई दिव्यांग की हत्या प्रकरण से पुलिस ने पर्दाफाश कर मृतक की पुत्री के प्रेमी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है।

गौरतलब है कि 2 जनवरी को नई रेल कोच फैक्ट्री के पास सम्पर्क मार्ग पर दिव्यांग लक्ष्मण रायकवार का रक्त रंजित शव मिला था। लक्ष्मण की उस समय हत्या कर दी गई थी तब वह 1 जनवरी की रात साइकिल से अपनी बहन के घर से आटा लेकर घर लौट रहा था। दिव्यांग का शव रात भर पड़ा रहा था, दूसरे दिन जानकारी हुई थी। पुलिस लाइंस सभागार में मीडिया से रूबरू पुलिस अधीक्षक नगर राधेश्याम राय ने बताया कि पुलिस द्वारा इस मामले में छानबीन की गई। मृतक के पुत्र सुमित ने आकाश वर्मा नामक युवक पर संदेह व्यक्त करते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की छानबीन के दौरान आकाश वर्मा की नामजदगी गलत पाई गई।

विवेचना के दौरान मृतक की पुत्री के अवैध प्रेम संबंधों की बात जब सामने आई तो पुलिस ने गहराई से छानबीन की। जानकारी मिली कि बिजौली में रहने वाले शुभम झा के मृतक लक्ष्मण रायकवार की पुत्री से प्रेम संबंध थे। इसका लक्ष्मण रायकवार विरोध करता था। इसको लेकर कुछ समय पहले पंचायत भी बुलाई गई थी, जिसमें यह तय हो गया था कि शुभम अब लक्ष्मण की पुत्री से कोई संपर्क नहीं रखेगा, लेकिन इसके बाद भी जब भी शुभम लक्ष्मण के सामने पड़ता था तो लक्ष्मण उससे गाली गलौज करता था। घटना वाले दिन भी रास्ते में लक्ष्मण शुभम को मिला और उसने गाली गलौज की। इस पर शुभम ने उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की योजना बना डाली।

पुलिस के अनुसार शुभम ने बांस का डंडा लेकर लक्ष्मण के आने का इंतजार करना शुरू कर दिया और जैसे ही लक्ष्मण घटनास्थल के पास पहुंचा, सुमित ने उस डंडे से लक्ष्मण पर कई प्रहार कर दिए, जिससे उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने शुभम की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है।