झांसी। झांसी निवासी फिल्म निर्देशक राज शांडिल्य पर उसके ही दोस्त कहानी लेखक अंकुर शर्मा ने उसकी कहानी चुराने का आरोप लगाया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

सीपरी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत सनफ्रान अशोक वैली निवासी अंकुर शर्मा ने पुलिस को बताया कि फिल्म निर्देशक राज शांडिल्य खालसा स्कूल सीपरी बाजार में उसके सहपाठी रहे हैं। लगभग तीन वर्ष पहले अंकुर ने अपनी लिखी एक कहानी निर्देशक राज शांडिल्य को सुनाई थी। राज को यह कहानी बहुत पसंद आ गई और वह उसकी कहानी पर फिल्म बनाने को तैयार हो गए।

अंकुर के अनुसार 29 अप्रैल 2020 को उन्होंने राज शांडिल्य को अपनी कहानी ईमेल के जरिए भेज दी। राज ने उनकी कहानी पर आधारित फिल्म लव की अरेंज मैरिज बनाने की तैयारी शुरू कर दी। इसके लिए सनी सिंह, राजपाल यादव, अवनीत कौर, अन्नू कपूर समेत अन्य सितारों को साइन कर लिया गया लेकिन, उनसे कोई बात नहीं की गई। इस पर जब अंकुर ने एतराज जताया तब 13 मार्च को राज के पार्टनर विमल लहौटी ने उनसे मोबाइल फोन पर बात की और कहानी के एवज में पैसों कि आफर किया।

अंकुर का कहना है कहानी के बदले विमल ने बहुत कम पैसा ऑफर किया। इस वजह से उन्होंने कहानी देने से इंकार कर दिया। कुछ दिन बाद कहानी को लेकर दोबारा उनकी राज शांडिल्य से चर्चा हुई। राज ने कुछ पैसा बढ़ाने का भरोसा दिलाया लेकिन, अंकुर इतने कम पैसों पर राजी नहीं हुए। इसके बाद राज ने उनकी कहानी वापस कर देने की बात कही।

अंकुर का आरोप है कि राज ने कहानी वापस न करके उसकी कहानी पर फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी। इसके लिए उसने अनुमति भी नहीं ली। अखबारों के जरिए उनको यह बात मालूम चली। इसकी शिकायत उन्होंने राज से की और शूटिंग रोकने को कहा, लेकिन राज ने शूटिंग नहीं रोकी। इसके बाद अंकुर ने इस धोखाधड़ी की लिखित शिकायत छह अप्रैल को एसएसपी कार्यालय जाकर दी। पुलिस द्वारा आरोप की जांच की जा रही है।