झांसी। आए दिन शराब पीने को लेकर पत्नी से हुए विवाद के चलते एक युवक ने हंसारी रेलवे क्रासिंग पर शुक्रवार रात ट्रेन के सामने कूद कर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया।

थाना प्रेमनगर क्षेत्र अंतर्गत हंसारी के खारा कुआं निवासी अभिषेक अहिरवार (23) पुत्र गौरी शंकर  गुरुवार को रात शराब के नशे में घर पहुंचा था। फिर से शराब पीने को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। शुक्रवार सुबह अभिषेक दुकान चला गया। दुकान से रात लगभग आठ बजे घर घर न जाकर वह हंसारी क्रॉसिंग पहुंच गया।अभिषेक ने क्रासिंग से गुजर रही एक ट्रेन के आगे छलांग लगा दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच-पड़ताल में उसकी जेब से आधार कार्ड मिला। पहचान होते ही आधी रात को पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार अभिषेक के दो बच्चे हैं। पुलिस का कहना है कि नशे का आदी होने से अभिषेक का घर में अक्सर विवाद होता था। इसी क्लेश में उसने जान दे दी।