राष्ट्रीय युवा दिवस पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में ‘युवा संवाद’ 

झांसी। जिस प्रकार छात्र अपने और परिवार के प्रीति जिम्मेदार होता है उसी प्रकार उसकी प्रतिबद्धता समाज और राष्ट्र के प्रति भी होनी चाहिए। आज के युवा स्वामी विवेकानंद के जीवन से इसका मार्गदर्शन पा सकते हैं। उक्त विचार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कानपुर प्रांत के कार्यवाह अनिल श्रीवास्तव ने मुख्य वक्ता के रूप में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर युवा संवाद कार्यक्रम में व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि स्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण में कैसे सामंजस्य बनाया जा सकता है स्वामी विवेकानंद का जीवन इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मुकेश पाण्डेय ने कहा की युवा मन चंचल रहता है। हम अपने आसपास अनेकों आसक्तियों की तरफ आकर्षित होते हैं। मन को स्थायित्व प्रदान करने के लिए हमें राष्ट्र मनीषियों के जीवन का अनुसरण करना चाहिए। स्वामी विवेकानंद ऐसे ही राष्ट्र मनीषी हैं जिनसे युवा प्रेरणा ले सकते हैं।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अखिल भारतीय राज्य विश्वविद्यालय कार्य संयोजक अनिल शुक्ला ने कहा की विद्यार्थी परिषद राष्ट्र पुनर्निर्माण के ध्येय को साकार करने के लिए स्वामी विवेकानंद के दिखाए हुए मार्ग पर अग्रसर है। सामाजिक जीवन में उत्कृष्टता के लिए शिक्षा का अपना महत्व है। लेकिन शिक्षा मात्र केवल जीविका के लिए नहीं होनी चाहिए। राष्ट्र निर्माण में हर वर्ग की भूमिका है। छात्र इसमें पीछे नहीं रह सकते। इस अवसर पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पैनारोमा थिएटर क्लब द्वारा स्वामी विवेकानंद के जीवन पर आधारित नाटक प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को अतिथि द्वारा प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए गए।

कार्यक्रम का संयोजन जनसंचार और पत्रकारिता विभाग के डॉक्टर कौशल त्रिपाठी ने किया। संचालन छात्र हर्ष जैन ने एवं छायांकन अतीत विजय ने किया। इस अवसर पर कला संकाय अध्यक्ष प्रोफेसर मुन्ना तिवारी, प्रोफ़ेसर पुनीत बिसारिया, डॉ मोहम्मद नईम, डॉ अचला पाण्डेय, डॉ संतोष पांडेय, डॉक्टर जय सिंह, डॉ राघवेंद्र दीक्षित, उमेश शुक्ला अभिषेक कुमार, नवीन चंद पटेल सत्या चौधरी, डॉक्टर शैलेंद्र तिवारी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग संगठन मंत्री ज्ञान सिंह राणा, प्रांत सह मंत्री शिवा राजा बुंदेला, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष विशाल शर्मा, शिवम एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अनेक कार्यकर्ताओं सहित अनेक छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।