झांसी। श्री लक्ष्मी व्यायाम मंदिर के जिम्नेशियम हाल में आज दो दिवसीय जिला स्तरीय अंतर विद्यालय मल्लखंब प्रतियोगिता का समापन बुंदेलखंड सेवा मंडल के महामंत्री नरोत्तम अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य तथा अध्यक्ष मनमोहन गेडा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ !
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मनमोहन गेडा ने कहा “मल्लखंभ केवल एक खेल नहीं, बल्कि यह हमारी परंपरा, शक्ति और संतुलन का जीवंत प्रतीक है।
इस आयोजन के माध्यम से हम नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हुए उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक दक्षता का विकास करना चाहते हैं।” मुख्य अतिथि ने बताया कि यह प्रतियोगिता उभरती प्रतिभाओं के लिए एक सशक्त मंच सिद्ध होगी, जहाँ वे अपनी कला को निखारते हुए राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का मार्ग प्रशस्त कर सकेंगी।
यू पी मल्लखंभ एसोसिएशन के सचिव राम सिंह सिकोरिया ने कहा यह एक आयोजन उस संकल्प का उद्घोष भी थी, जिसमें खेल के माध्यम से संस्कार, समर्पण और स्वाभिमान का निर्माण निहित है।
संयोजक केशव कुमार एवं मनीष कोष्टा ने संयुक्त रूप से संचालन किया तथा आभार सचिव गजानन खानवलकर द्वारा व्यक्त किया गया।
इस प्रतियोगिता में उन सभी बच्चों को जिन्होंने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया पुरस्कार दे कर सम्मानित किया। लगभग 25 विद्यालयों के 110 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। आज की प्रतियोगिताओं में 10 वर्ष ,12 वर्ष,14 वर्ष,16 वर्ष तथा 18 वर्ष से कम आयु के बालक बालिकाओं की प्रतियोगिताएं संपन्न हुई।
कार्यक्रम में प्रभात कुमार सक्सेना, डॉ प्रमोद सिकोरिया , संतोष गुप्ता, अशोक गुप्ता, विक्रान्त सेठ (बंटी )नरेन्द्र गोस्वामी, रमा शंकर शर्मा, हरिदास सिंह कुशवाहा, डॉ सुदर्शन शिवहरे आदि उपस्थित रहे। निर्णायक की भूमिका में रामबाबू सिकोरिया, रघुवीर शरण रावत, मनीष कोस्टा, अभिषेक आर्य, अमन गौतम तथा बालिका वर्ग में रितु प्रजापति, चंचल पाठक, शिवानी पाठक, स्वाति गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।














