झांसी। जनपद के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि हज-2026 के लिए भारत सरकार के अधीन हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा जनपद झांसी के प्रतिनिधि — मोहम्मद आमिल खान का चयन स्टेट हज इंस्पेक्टर (Don State Haj Inspector) के रूप
में किया गया है। श्री खान बाल कल्याण समिति के पूर्व सदस्य / मजिस्ट्रेट मोहम्मद आबिद खान के पुत्र हैं।
गौरतलब है कि स्टेट हज इंस्पेक्टर का दायित्व अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्ण होता है। इस पद पर नियुक्त अधिकारी हज यात्रा के दौरान सऊदी अरब के पवित्र नगर मक्का एवं मदीना में भारतीय हाजियों की सुविधाओं, आवास, खान-पान, स्वास्थ्य सेवाओं तथा समग्र व्यवस्थाओं की निगरानी करते हैं। वे हाजियों को मार्गदर्शन प्रदान करने, समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा भारतीय प्रशासन और स्थानीय प्राधिकरणों के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह पद न केवल सेवा का अवसर है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का गौरव भी प्रदान करता है। झांसी के ये दोनों प्रतिनिधि अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सऊदी अरब में भारत की सकारात्मक छवि को और सुदृढ़ करेंगे।
विशेष रूप से यह उल्लेखनीय है कि झांसी जैसे शहर से चयनित होकर मोहम्मद आमिल खान देश का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं, जो जनपद के लिए गर्व का क्षण है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।
आज मोहम्मद आमिल खान को झांसी से हज ड्यूटी हेतु ससम्मान रवाना किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की और कहा कि हम सभी को विश्वास है कि उक्तअधिकारी अपनी निष्ठा, कर्तव्यपरायणता एवं सेवा भाव से हाजियों की सेवा कर देश एवं जनपद का नाम रोशन करेंगे। इस मौके पर मो खालिद, वरिष्ठ पत्रकार शकील खान, सलीम शाह, जब्बर खान, अब्दुल सईद आदि मौजूद रहे।














