झांसी। कहते हैं कि जब मौत पीछा करती है तो वह झपट्टा मारकर ले जाती है। 20 घंटे में ऐसा उदाहरण झांसी के समथर क्षेत्र में नजर आया। युवक को पहले एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी थी। घायल अवस्था में उसे समथर से झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के बाद युवक को डिस्चार्ज कर दिया गया। समथर पहुंचने के बाद वह पैदल जा रहा था और जैसे ही वह बहादुरपुर गांव के पास पहुंचा अज्ञात वाहन ने उसको रौंद डाला। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दरअसल, झांसी जिले के समथर थानान्तर्गत बहादुरपुर में रहने वाला लगभग 25 वर्षीय चन्द्रभूषण उर्फ कल्लू आंध्र प्रदेश में पानीपुरी बेचने का काम करता है। पिछले दिनों वह आंध्र प्रदेश से वापस अपने घर आया हुआ था। विगत सुबह अपने साथी के साथ बाइक से वह समथर आ रहा था तभी सड़क दुघर्टना का शिकार हो कर घायल हो गया था। उसे घायल अवस्था में समथर से झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के बाद युवक को डिस्चार्ज कर दिया गया। समथर पहुंचने के बाद वह पैदल घर जा रहा था। जैसे ही वह बहादुरपुर गांव के पास पहुंचा अज्ञात वाहन ने उसको रौंद डाला। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसकी जानकारी दूसरे दिन सुबह परिजनों को मिली। परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उठाकर अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्ट के लिए भेज दिया है।

जांच पड़ताल में पुलिस को मौके से चार पहिया वाहन नंबर प्लेट के टूटे हुए टुकड़े मिले हैं। कल्लू की शादी हो चुकी थी। उसका एक बेटा पांच साल का गौरव और दो साल की एक बेटी कल्पना है। परिवार में ग़म का माहौल है।