Jhansi। प्यार में धोखा देकर प्रेमिका की अस्मत से खिलवाड़ के जाल में जनपद के थाना नवाबाद में तैनात रहा दरोगा अभिषेक पोरवाल ऐसा फंसा कि उस पर दो बार दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कानपुर निवासी उप निरीक्षक अभिषेक पोरवाल के पुलिस में भर्ती होने से पहले से अपने पड़ोसी की लड़की से प्रेम संबंध थे। पुलिस में भर्ती होने के बाद अभिषेक झांसी चला आया। उधर, संयोग से पीड़िता की शादी झांसी में तैनात एक पुलिसकर्मी के साथ हो गई। पुलिसकर्मी की तैनाती झांसी में थी। वह पत्नी को लेकर झांसी आ गया।

झांसी आने पर युवती व पूर्व प्रेमी दरोगा अभिषेक पोरवाल की मुलाकात फिर होने लगी। पीड़िता का कहना है अभिषेक ने उससे शादी कर लेने का वायदा किया। इस पर वह अपने पति को तलाक देने पर भी राजी हो गई लेकिन, मार्च माह में अभिषेक ने शादी करने से इंकार कर दिया। उसके इंकार करने के बाद पीड़िता ने दरोगा अभिषेक के खिलाफ महिला थाने में 9 अप्रैल को धारा 354, 323, 504 समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया।

मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी दरोगा निलंबित हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों की पंचायत के बाद दरोगा ने महिला के साथ सुलहनामा कर लिया और शादी करने पर राजी हो गया। सुलहनामा के आधार पर पुलिस ने इसी महीने फाइनल रिपोर्ट लगा दी। एफआर लगते ही दरोगा के सुर फिर बदल गए। पीड़िता का आरोप है कि दरोगा ने बहाने से उसे अपने घर बुलाकर दुष्कर्म किया और उसे भूल जाने को कहा।

दरोगा के धोखा देने से परेशान महिला ने एसएसपी के पास पहुंचकर गुहार लगाई। इस पर आरोपी दरोगा अभिषेक पोरवाल के खिलाफ धारा 376, 323, 504 समेत 406 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मामले की छानबीन कराई जा रही है।