Jhansi। झांसी नगर निगम के नगर आयुक्त अवनीश राय को भी साइबर जालसाजों ने निशाना बना लिया। साइबर जालसाज ने उनकी फोटो का इस्तेमाल करते हुए व्हाट्स एप पर एक प्रोफाइल बना कर उसके जरिए अफसरों एवं कर्मचारियों को मेसेज भेज कर रुपयों की मांग की गई हालांकि जालसाजी की भनक लगने की वजह से किसी कर्मचारी एवं अधिकारी ने उस खाते में कोई रकम नहीं भेजी। नगर आयुक्त ने इस फर्जीवाड़े की शिकायत पुलिस से की है।

दरअसल, शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे झांसी नगर निगम के अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, नगर आयुक्त के पीएस प्रमेंद्र गुप्ता समेत नगर निगम के अन्य कई अधिकारी एवं कर्मचारियों को एक साथ नगर आयुक्त अवनीश राय की तस्वीर लगे व्हाट्सएप नंबर से मेसेज आया। इसमें मेसेज करने वाले ने खुद को परेशानी में घिरा बताते हुए अमेजन पे पर तत्काल पैसा भेजने को कहा। यह संदेश मिलने पर पीएस प्रमेंद्र गुप्ता को संदेह हुआ। उन्होंने इस बारे में तुरंत नगर आयुक्त अवनीश राय को बताया।

नगर आयुक्त उक्त मेसेज देखकर हैरान रह गए। तब तक नगर निगम के कई कर्मचारी एवं उनके दोस्त अफसरों तक यह मेसेज पहुंच चुका था और उन्होंने नगर आयुक्त को फोन करके इस बारे में पूछा।
यह देख कर नगर आयुक्त ने इस फर्जीवाड़े की शिकायत तुरंत एसएसपी से की। इस फर्जीवाड़े की सूचना पर पुलिस ने भी तुरंत कार्यवाही करते हुए संबंधित फोन सर्विलांस में लगाकर पड़ताल शुरू की लेकिन, फोन नंबर स्विच ऑफ बता रहा था। सिर्फ व्हाट्सएप के जरिए ही कॉल हो रही थी। नगर आयुक्त का कहना है कि किसी के भी जालसाज को पैसा देने की सूचना नहीं मिली है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।