झांसी। जिले के खुशीपुरा में पत्नी से कलह से दुःख पति ने उस समय मंगलवार को जहर खाकर जान दे दी जब झगड़े के बाद पत्नी मायके चली गई। मृतक मेडिकल कॉलेज में संविदा कर्मी था।
थाना नवाबाद क्षेत्र अंतर्गत खुशीपुरा निवासी रोहित वर्मा (30) पुत्र लालता प्रसाद वर्मा महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में संविदा पर काम करता था। रोहित की छह वर्ष पहले शादी हुई थी, किंतु दोनों के बीच आए दिन विवाद चलता रहता था। विवाद के चलते पत्नी के मायके चले जाने से रोहित काफी परेशान रहता था। मंगलवार दोपहर वह ड्यूटी जाने के लिए निकला लेकिन, काम पर नहीं पहुंचा। पिता ने उसको फोन लगाया तब नंबर स्विच ऑफ मिला।
दोपहर करीब डेढ़ बजे रोहित ने पिता लालता प्रसाद को फोन करके बताया कि उसने जहर खा लिया। अभी वह आर्मी पार्क तालपुरा में है। यह सुनकर घबरा कर पिता परिवार के अन्य सदस्यों को लेकर वह तुरंत आर्मी पार्क पहुंचे। यहां रोहित पार्क में अचेत पड़ा था। परिवार के लोग उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उसकी नाजुक हालत देखकर उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया था। उपचार के दौरान बुधवार दोपहर उसकी मौत हो गई।
पिता लालता प्रसाद भी मेडिकल कॉलेज में एक्सरे टेक्नीशियन थे। वह वर्ष 2013 में रिटायर हो गए। उनके तीन बेटों में रोहित सबसे छोटा था। छोटे बेटे की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।









