प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 1 अप्रैल को रानी कमलापति स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे

भोपाल/झांसी। आखिरकार वही हुआ जिसकी उम्मीद की जा रही थी। रानी कमलापति स्टेशन भोपाल से नई दिल्ली के बीच दौड़ने को तैयार वंदे भारत एक्सप्रेस के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा झण्डी दिखाने के पूर्व ही इस ट्रेन की समय सारिणी में झांसी व ग्वालियर स्टेशन पर दो दो मिनट का ठहराव जोड़ दिया गया है। यह परिवर्तन झांसी व ग्वालियर में जन-प्रतिनिधियों व जनता की प्रबल मांग को देखते हुए लिया गया है।

नई समय सारिणी के अनुसार 3 अप्रैल से 20171 वंदे भारत एक्सप्रेस रानी कमलापति स्टेशन से प्रातः 5.30 बजे चलकर 7.10 बजे बीना से थ्रू निकल कर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर 8.46 बजे पहुंच कर 8.48 बजे रवाना होकर 9.48 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। वहां 2 मिनट रुक कर 9.50 बजे रवाना होकर 11.23 बजे आगरा कैण्ट पहुंच कर 11.25 बजे रवाना होगी। इसके बाद 12.40 बजे पलवल से थ्रू निकल कर 13.20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

इसी तरह 20172 वंदे भारत एक्सप्रेस नई दिल्ली से 14.30 बजे चलकर 15.10 बजे पलवल से थ्रू निकल कर 16..20 बजे आगरा कैण्ट पहुंच कर 16.22 बजे रवाना होकर 17.45 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। यहां से 17.47 बजे चलकर 19.03 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पहुंच कर 19.05 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन 20.40 बजे बीना से थ्रू निकल कर 22.20 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक अप्रैल को रानी कमलापति स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। श्री मोदी केवल 15 मिनट स्टेशन पर ठहरेंगे। ट्रेन के लोको पायलट व सहायक लोको पायलट से भी बातचीत कर सकते हैं। इस बीच वह स्कूली बच्चों से बातचीत करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वह दोपहर 3:15 बजे स्टेशन पहुंचेंगे और दोपहर 3:30 बजे तक ठहरेंगे। हालांकि, इस कार्यक्रम में बदलाव भी हो सकता है। इस तरह वह दूसरी बार रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेंगे। इसके पूर्व वह 15 नवंबर 2022 को स्टेशन के लोकार्पण के समय पहुंचे थे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक अप्रैल को रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित कार्यक्रम के चलते प्रवेश व निकासी व्यवस्था एक दिन पहले शुक्रवार से बदल जाएगी। इस दिन सुबह से प्लेटफार्म-एक पर ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। इस प्लेटफार्म से चलने वाली ट्रेनें प्लेटफार्म-दो व तीन से चलेंगी। हालांकि इस दिन शाम तक इस ओर बने मुख्य भवन से यात्रियों को प्लेटफार्म-एक को छोड़कर बाकी पर पहुंचने के लिए प्रवेश दिया जाएगा। लेकिन शाम से यह प्रवेश भी पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार दोपहर 3:30 बजे से पहले वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा और प्रधानमंत्री लौट जाएंगे। उसके बाद प्रवेश व निकासी व्यवस्था पूर्व के अनुसार कर दी जाएगी। साथ ही प्लेटफार्म-एक से ट्रेनों का संचालन भी शुरू कर दिया जाएगा। अधिकारियों से मिले इस प्रस्तावित कार्यक्रम में बदलाव भी हो सकता है।