झांसी जिले की नगर निकाय की सभी सीटों पर प्रत्याशी घोषित 

झांसी। भाजपा ने रविवार को नगर पंचायत अध्यक्ष और नगर पालिका चेयरमैन के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। एक दिन पहले ही भाजपा का दामन थामने वाले राघवेंद्र सिंह जूदेव उर्फ संझले राजा को चिरगांव और मऊरानीपुर की विधायक के देवर हरिश्चंद्र आर्य को मऊरानीपुर नगर पालिका का चेयरमैन प्रत्याशी बनाया गया है।

गौरतलब है कि झांसी के चिरगांव नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन राघवेंद्र सिंह जूदेव की क्षेत्र में अच्छी साख है। वर्ष 1978 में जब से चिरगांव नगर पालिका बनी है, तब से उन्हीं के परिवार के सदस्य या फिर समर्थक चेयरमैन बने हैं। राघवेन्द्र स्वयं भी दो बार नगर पालिका चेयरमैन रह चुके हैं। शनिवार को कानपुर स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में उन्होंने सपा छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था। इसके अगले ही दिन रविवार को उन्हें चिरगांव नगर पालिका चेयरमैन पद का भाजपा ने प्रत्याशी बना दिया।

इसके अलावा भाजपा की गठबंधन पार्टी अपना दल-एस की मऊरानीपुर सीट से विधायक रश्मि आर्य के देवर हरिश्चंद्र आर्य को भी भाजपा से टिकट मिल गया है। उन्हें मऊरानीपुर नगर पालिका सीट से चेयरमैन पद का प्रत्याशी घोषित किया गया है। वह निर्दलीय निवर्तमान चेयरमैन हैं।

इसके साथ ही भाजपा ने झांसी की समथर नगर पालिका से चंद्रशेखर पाल, बरुआसागर से सुशीला कुशवाहा, गुरसराय से जयपाल सिंह को चेयरमैन प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं, रानीपुर नगर पंचायत सीट से हेमलता, कटेरा से संतोष अहिरवार, टोड़ी फतेहपुर से राजेंद्र कुशवाहा, मोंठ से शांति देवी केशवानी, एरच से अशोक कुमार दुबे, गरौठा से गोविंद नारायण गुप्ता और बड़ागांव सीट से मीरा कुशवाहा को भाजपा ने नगर पंचायत अध्यक्ष का प्रत्याशी घोषित किया है